Bareilly: 30 लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, यहां की जानी थी सप्लाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बारादरी पुलिस ने दो तस्करों के पास से 1 किलो 270 ग्राम अफीम बरामद की है। जिसकी कीमत 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तस्करों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस डोहरा चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। सूचना मिली कि दो लोग मादक पदार्थ की तस्करी करने की फिराक में हैं। पुलिस टीम पीलीभीत बाईपास पर सेटेलाइट के पास खाली पड़े प्लाट के पास पहुंची, तभी दो लोगों ने भागने का प्रयास किया। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से 30 लाख की कीमत की 1 किलो 270 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपियों ने अपने नाम कुंवरपाल यादव निवासी गांव मसियाबाद थाना मीरगंज और दूसरे ने अजय सैनी निवासी मेहतरपुर करोड़ थाना बिथरी चैनपुर बताया। 

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अफीम बारादरी क्षेत्र के फाइक एंक्लेव निवासी मनमून से खरीदकर लाते हैं। अजय सैनी ने बताया कि वह बिजली का काम करता था। लेकिन उसकी जान पहचान मनमून से हो गई। मनमून ट्रक चलाने का काम करता था। उसके बहकावे और लालच में आकर वह अफीम की तस्करी करने लगा। पुलिस ने मुकदमे में मनमून को नामजद कर तलाश शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार