Adelaide T20 : स्मृति मंधाना और जेमिमाह रॉड्रिग्स के अर्धशतक, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 177 रनों का लक्ष्य
एडिलेड। स्मृति मंधाना (82) और जेमिमाह रॉड्रिग्स (59) की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने शनिवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच विकेट पर 176 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। आज यहां भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को किम गार्थ ने तीसरे ओवर में शेफाली वर्मा (सात) को आउट कर पहला झटका दिया।
ऐसे समय में बल्लेबाजी करने आयी जेमिमाह रॉड्रिग्स ने स्मृति मंधाना के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट लिए 121 रनों की साझेदारी हुई। 17वें ओवर में ऐनाबेल सदरलैंड ने स्मृति मंधाना को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। स्मृति मंधाना ने 55 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 82 रनों की पारी खेली।
19वें ओवर में सोफी मोलिन्यू ने ऋचा घोष (18) का शिकार कर लिया। 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर ऐनाबेल सदरलैंड ने जेमिमाह रॉड्रिग्स को आउट किया। जेमिमाह रॉड्रिग्स ने 46 गेंदों में चार चौके लगाते हुए 59 रन बनाये। अगली ही गेंद पर अमनजोत कौर (एक) रनआउट हुई। भारतीय महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 176 रनों का स्कोर बनाया। ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के लिए ऐनाबेल सदरलैंड ने दो विकेट लिये। सोफी मोलिन्यू और किम गार्थ ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
