गोंडा : अधिवक्ता की हत्या से नाराज वकीलों ने किया प्रदर्शन, पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का आरोप
गोंडा। उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर वकील की हुई हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं ने सोमवार को कचहरी से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक प्रदर्शन कर नारेबाजी की। जिला बार एसोसियेशन के अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी ने कहा कि हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की मांग कर एक ज्ञापन पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने बताया कि रविवार को जमीनी रंजिश में दो सगे भाइयों के मध्य हुये संघर्ष के मामले में अधिवक्ता सुभाष चंद्र की हत्या कर दी गयी थी जबकि अन्य घायल हो गये। उन्होंने बताया कि मामले में नामजद चार आरोपियों में तीन को गिरफ्तार किया जा चुका हैं जबकि फरार एक अन्य आरोपी की धड़पकड़ के लिये पुलिस जुटी है। उन्होंने बताया कि मृतक सुभाष का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार करवा दिया गया है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।
