Bareilly: पूर्व आईजी की फर्जी आईडी बनाकर साइबर ठगी की कोशिश
बरेली, अमृत विचार। साइबर ठगों ने पूर्व आईजी डॉ. राकेश सिंह का फोटो लगाकर फर्जी फेसबुक आईडी बना ली। उसके बाद कई लोगों को मेसेज कर रुपयों की मांग की। ठग ने खुद को सीआरपीएफ दोस्त का तबादला होने का दावा कर उनका सामान बेचने के नाम पर 80 हजार रुपये की मांग की। आईजी रहने के दौरान भी उनके नाम से फर्जी आईडी बना कर रुपये ठगी करने की कोशिश की गई थी।
पूर्व आईजी की फेसबुक आईडी से साइबर ठग ने उनके परिचितों और कांटेक्ट लिस्ट में शामिल लोगों को मेसेज किया। लोगों से मदद के नाम पर रुपये मांगे तो वे हैरान रह गए। इस तरह के कुछ लोगों ने पूर्व आईजी को कॉल और मेसेज किए तो उन्हें इस बात की जानकारी हो सकी। पूर्व आईजी ने तत्काल साइबर थाना प्रभारी को मामले की जानकारी दी। थाने से मुख्यालय में मेल भेजकर संबंधित आईडी ब्लॉक करने को कहा गया। ठग ने पहले पूर्व आईजी के नाम से बने फेसबुक आईडी से मेसेज पर बात-चीत शुरू की।
उसके बाद उसने लिखा कि उनके एक दोस्त हैं। जो सीआरपीएफ में अधिकारी हैं और उनका तबादला हो गया है। ऐसे में वह अपना सामान बेचना चाहते हैं। उसने फर्जी सीआरपीएफ का नंबर देते हुए बात करने को कहा। बात करने पर उसने खुद को बिजनौर में पोस्टिंग बताया और कहा कि उसका यहां से तबादला हो गया है, वह अपना सामान बेचना चाहता है। लेकिन, शर्त यह है कि 50 प्रतिशत पहले रुपये भेजना होगा, उसके बाद वह सामान भेज देगा।
हाल ही में आंवला सांसद, शायर वसीम बरेलवी के नाम से भी फर्जी आईडी बनाने का मामला सामने आया था। साइबर ठगों ने एक बार फिर से पूर्व आईजी डॉ. राकेश सिंह का फोटो लगाकर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई। कई लोगों को मेसेज कर रुपयों की मांग की। पूर्व आईजी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि उन्हें परिचित के जरिए सूचना मिली थी। उन्होंने सभी को ठगों के चक्कर में न फंसने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई है।
