रामपुर : संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
कमरे में रस्सी से लटकता मिला शव, पिता ने दी तहरीर
स्वार, अमृत विचार। थाना अजीम नगर क्षेत्र के गांव कुचेटा निवासी डॉ. जलील अहमद की 22 वर्षीय बेटी मुमताज जहां का शव सोमवार को उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में रस्सी के फंदे से लटकता मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
डॉ. जलील अहमद ने अपनी बेटी मुमताज जहां की शादी अप्रैल 2025 में नगर के मोहल्ला चक स्वार निवासी वेल्डिंग का काम करने वाले युवक जुनैद पुत्र जाकिर अली के साथ की थी। सोमवार को जलील अहमद अपने बेटों के साथ बेटी से मिलने उसकी ससुराल पहुंचे और ससुरालियों से उसे बुलाने को कहा। आरोप है कि ससुरालियों ने मुमताज के सोने की बात कहकर मायके पक्ष को वापस जाने के लिए कहा। जिससे परिजनों को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो मुमताज का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देख परिजन बदहवास हो गए और चीख पुकार मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस दौरान ससुरालियें मौके से फरार हो गए। मृतक महिला के पिता ने ससुरालियों को नामजद कर पुलिस को तहरीर दी है।
