Moradabad: आठ झांकियां, ढोल-बैंड और ब्रज की लट्ठमार होली का रहेगा आकर्षण
मुरादाबाद, अमृत विचार। राष्ट्रीय पर्व होली समिति की ओर से 27 फरवरी को 88वीं रंग एकादशी शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। इस बार शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की फूलों की होली, लट्ठमार होली और महादेव की बारात विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली इस यात्रा के स्वागत की तैयारियां संगठनों ने की है।
शोभायात्रा का आरंभ दोपहर दो बजे खत्री धर्मशाला, बाजीगरान से होगा। इसके बाद यह मंडी चौक, अमरोहा गेट, चौमुखापुल, गंज गुरहट्टी चौराहा, ताड़ीखाना का चौराहा होते हुए बुध बाजार पुलिस चौकी पर पहुंचकर संपन्न होगी। मार्ग में पुष्पवर्षा, रंग-गुलाल और शीतल पेय वितरण की व्यवस्था रहेगी। समिति अध्यक्ष आरके टंडन ने बताया कि कार्यक्रम की अनुमति के लिए जिला व पुलिस प्रशासन से पत्राचार जारी है। यात्रा को शांतिपूर्ण, भव्य और पारंपरिक स्वरूप देने के लिए स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई जा रही है।
राधा-कृष्ण की होली से बरसेगा रंग
शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी के साथ ब्रज की लट्ठमार होली का जीवंत मंचन किया जाएगा। कलाकार पारंपरिक ब्रज की वेशभूषा में फाग गीतों पर रंग-गुलाल उड़ाते हुए श्रद्धालुओं को वृंदावन की होली का अहसास कराएंगे। श्रद्धालु भी इस झांकी के दर्शन कर भावविभोर होंगे।
महादेव की बरात का अद्भुत स्वरूप
महादेव की बरात की झांकी शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रहेगी। शिव, पार्वती, गणों और भूत-प्रेत स्वरूपों के साथ सजी बारात भक्तों का ध्यान खींचेगी। ढोल-नगाड़ों की थाप पर निकलेगी यह झांकी उत्सव में आध्यात्मिक रंग घोलेगी।
ये रहेंगे अन्य आकर्षण, 87 साल से चल रही परंपरा
इस शोभायात्रा की शुरुआत वर्ष 1939 में स्वर्गीय विशंभर नाथ टंडन ने की थी। 88वें वर्ष में प्रवेश कर रही यह परंपरा शहर की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। इस बार शोभायात्रा में आठ आकर्षक झांकियों के साथ छह ढोल, दो बैंड और चार घोड़ों पर सवार पारंपरिक स्वरूप शोभायात्रा में शामिल होंगे।
