UP: आर्मी में जाकर देश की सेवा करना चाहते थे मनु और विनय

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

दढ़ियाल, अमृत विचार। मुरादाबाद-दढ़ियाल मार्ग पर सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। रोते-बिलखते परिजनों का बुरा हाल है। विनय शर्मा और मनु चौहान पड़ोसी थे और दोनों की इच्छा आर्मी में जाकर भारत मां की सेवा करने की थी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। परीक्षा देने जाते समय सड़क हादसे में दोनों दोस्तो की मौत हो गई।

दोनों के घर पास में थे और दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और ज्यादातर समय एक ही साथ रहते थे। जिस कारण दोनों का सपना आर्मी में जाने का था। आर्मी में जाकर देश की सेवा करना चाहते थे। हालांकि किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और उससे पहले ही दोनों की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक मनु की एक छोटी बहन है। जबकि मनु चौहान अकेला भाई होने के कारण सब को प्यारा था। 

सड़क हादसे में मनु की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया। जबकि विनय शर्मा भी दो भाई थे बड़ा भाई टीएमयू से बीसीए की पढ़ाई कर रहा है। सोमवार देर शाम तक छात्रों के शव घर नहीं पहुंचे थे। कम उम्र में यूं परिवार छोड़कर चले जाना हर किसी की आंख को नम कर रहा है। हर किसी की जुबान पर दर्दनाक हादसा ही है। गांव के लोग और रिश्तेदार परिवार के लोगों का ढांढस बंधा रहे हैं, सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।

कॉलेज के प्रबंधक ने कराई शोक सभा
सड़क हादसे में एक छात्र के घायल होने और तीन की मौत के बाद विद्यालय में शोक का माहौल है। कक्षा 10 में अध्ययनरत चारों छात्र परीक्षा देने सनराइज इंटर कॉलेज टांडा जा रहे थे। रास्ते में हुए हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक भर्ती है। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधक संजीव कुमार ने शोक सभा कराई और सुबह 9:30 बजे छुट्टी घोषित कर दी।

यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। परीक्षा देने आ रहे तीन छात्रों का असमय जाना अपूरणीय क्षति है। सभी अभिभावकों से करबद्ध निवेदन करती हूं कि बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें, बाइक पर दो से अधिक बिना हेलमेट छात्रों का बैठना जोखिम भरा और असुरक्षित है। ईश्वर शोक संतप्त परिवारों को संबल प्रदान करें। - सरताज रहमानी, प्रबंधक सनराइज इंटर कॉलेज टांडा।

संबंधित समाचार