Bareilly: होली बाजार में हर्बल और ऑर्गेनिक रंगों की मांग सबसे ज्यादा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। होली बाजार में हर्बल और ऑर्गेनिक रंगों की मांग सबसे ज्यादा है। श्यामगंज, राजेंद्र नगर, कुतबखाना, पुराना शहर आदि क्षेत्र की दुकानों पर रंग-बिरंगे हर्बल गुलाल, फूलों से बने सूखे रंग और पिचकारियां बिक रही हैं। 

दुकानदारों के अनुसार अब लोग स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के अनुकूल विकल्पों की ओर बढ़ रहे हैं और केमिकल रंगों की मांग कम हो गई है। गत वर्ष की तुलना में हर्बल रंगों की बिक्री में 25 से 30 फीसदी तेजी आई है।

श्यामगंज में होली के रंगों का कारोबार करने वाले राजेश कुमार ने बताया कि हर्बल गुलाल 80 से 120 रुपये प्रति 100 ग्राम के हिसाब से बिक रहा है, जबकि फूलों से बने प्रीमियम रंग 250 से 300 रुपये प्रति पैकेट में उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए विशेष रूप से तैयार कार्टून पैक में हर्बल रंग 60 से 100 रुपये तक मिल रहे हैं। 

व्यापारी अनीष कुमार ने कहा कि स्किन फ्रेंडली और ऑर्गेनिक रंगों की मांग अधिक है। ऑर्गेनिक अबीर 180 से 220 रुपये प्रति पैकेट में बिक्री के लिए रखा गया है। हर्बल पिचकारी रंग 150 से 250 रुपये में उपलब्ध है, जबकि पारंपरिक केमिकल रंगों की बिक्री इस बार काफी कम रही है। थोक विक्रेता देवेश ने बताया कि गुलाब, गेंदे के फूलों से तैयार सूखे रंग 280 से 320 रुपये प्रति पैकेट में बिक रहे हैं।

संबंधित समाचार