Moradabad: चौकीदारी कर रही बुजुर्ग महिला की गोली मार हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में वृद्धा की सोमवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना थाने से चंद दूरी पर हुई। सूचना मिलते ही मझोला पुलिस मौके पर पहुंची और गोली चलाकर भाग रहे दो युवकों में से एक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी नशे की हालत में था। प्रारंभिक पूछताछ में जमीन विवाद को हत्या का कारण बताया जा रहा है। मौके पर एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह भी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कुंदरकी थाना क्षेत्र के ऊंचाकानी गांव निवासी नन्हीं पत्नी अब्दुल हमीद पिछले 15 वर्षों से तहारपुर के अरकान की दिल्ली रोड स्थित भूखंंड की चौकीदारी करती थी। वह मझोला थाने से मात्र 200 मीटर दूर अपने बेटे मेहबूब के परिवार के साथ रहती थी। सोमवार की शाम रोजा इफ्तार के बाद नन्हीं अपने बेटे के बच्चों के साथ बैठी थी, तभी दो युवक वहां पहुंचे। इनमें से एक ने तमंचा निकालकर महिला की गर्दन पर गोली मार दी।गोली की आवाज और मां की चीख सुनकर बेटा मेहबूब व पत्नी दौड़े लेकिन नन्हीं खून से लथपथ जमीन पर मृत पड़ी थी।
बेटे ने शोर मचाया तो आसपास के रहने वाले लोग मौके पर जुट गए और भाग रहे युवकों में से एक को पकड़ लिया। मेहबूब ने मझोला थाने को फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस भीड़ से आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने महिला के शव पंचनामा भरकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।मझोला थाने के प्रभारी निरीक्षक आरपी. सिंह ने बताया कि हत्या में दो युवकों का हाथ बताया जा रहा है। भीड़ ने एक को मौके पर पकड़ लिया था, जो नशे में धुत है। पूछताछ में वह जमीन विवाद का हवाला दे रहा है। मृतका के परिजन किसी रंजिश से इंकार कर रहे हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि महिला की हत्या की सूचना पर उन्होंने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली है। मामले में उसके बेटे ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की दो टीमें गठित कर लगा दी गई हैं।
