ब्रिस्बेन वनडे : मूनी और हीली ने दिलाई ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ आसान जीत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

ब्रिस्बेन। एशले गार्डनर की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन तथा बेथ मूनी और कप्तान एलिसा हीली के अर्धशतकों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को यहां पहले महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को 70 गेंद शेष रहते हुए छह विकेट से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में शुरुआती बढ़त हासिल की। मौजूदा विश्व चैंपियन भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर (84 गेंदों में 53 रन) और उप कप्तान स्मृति मंधाना (68 गेंदों में 58 रन) के अर्धशतकों के बावजूद उसकी टीम 48.3 ओवर में 214 रन पर आउट हो गई।

ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और उसने केवल 38.2 ओवर में चार विकेट पर 217 रन बनाए। हीली (70 गेंद पर 50 रन) के अर्धशतक की मदद से उसने अच्छी शुरुआत की। इसके बाद मूनी (79 गेंद पर 76 रन) और एनाबेल सदरलैंड (44 गेंद पर नाबाद 48 रन) ने चौथे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत सुनिश्चित की। हीली और फोबे लिचफील्ड (32 गेंद पर 32 रन) ने सहजता से रन बटोरते हुए पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की।

हरमनप्रीत ने बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (41 रन देकर दो विकेट) को 11वें ओवर में गेंद सौंपी। उन्होंने अपनी तीसरी गेंद पर ही लिचफील्ड को विकेट के पीछे कैच करा कर भारत को पहली सफलता दिलाई। चरणी ने अगली गेंद पर नई बल्लेबाज जॉर्जिया वॉल को कवर में मंधाना के हाथों कैच आउट कराया। हीली ने इसके बाद मूनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की।

अपनी आखिरी अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेल रही हीली ने 69 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके तुरंत बाद क्रांति गौड़ की गेंद पर स्क्वायर कट लगाकर बैकवर्ड प्वाइंट पर खड़ी जेमिमा रोड्रिग्स को कैच दे बैठी। मूनी ने श्री चरणी पर छक्का जड़कर 58 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। अपनी इस पारी के दौरान मूनी ने वनडे में 3000 जबकि सदरलैंड ने 1000 रन पूरे किए। 

मूनी ने अंतिम क्षणों में आउट होने से पहले अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। सदरलैंड ने चार चौके और दीप्ति शर्मा पर विजयी छक्का लगाया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्पिनर गार्डनर सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने सात ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए। किम गार्थ और एलिसे पेरी के चोटिल होने के कारण तीन मैचों की श्रृंखला से बाहर होने के बाद तेज गेंदबाज मेगन शट और लूसी हैमिल्टन को अंतिम समय में ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल किया गया। 

मेगन ने मैच के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ही प्रतिका रावल को अपनी तेज इनस्विंगर गेंद से आउट कर दिया। रावल पिछले साल घरेलू मैदान पर खेले गए वनडे विश्व कप में भारत की जीत के दौरान टखने में लगी चोट से उबरकर राष्ट्रीय टीम की तरफ से पहली बार कोई मैच खेल रही थी। शेफाली वर्मा (04) ने पहली बार तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए निराश किया। उन्होंने डार्सी ब्राउन को सीधा कैच थमाया। मंधाना ने स्लिप कॉर्डन पर लगातार चौके लगाए। उनके ड्राइव भी दर्शनीय थे।

ऑस्ट्रेलिया के स्पिनरों ने बीच के ओवरों में दबाव बनाए रखा और गार्डनर ने जेमिमा (08) को एक फुल लेंथ गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया। मंधाना और दीप्ति शर्मा (02) के आउट होने के बाद हरमनप्रीत ने पारी को संभालने का प्रयास किया। हालांकि वह भी गार्डनर की गेंद पर डीप में स्वीप शॉट खेलकर आउट हो गईं। रिचा घोष ने 23 रन बनाए।

काशवी गौतम (44 गेंदों में 43 रन) ने स्कोर को 200 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने कुल तीन छक्के लगाए, जिनमें मेगन की गेंद पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर से लगाया गया दर्शनीय छक्का भी शामिल है। इन दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे 27 फरवरी को होबार्ट में खेला जाएगा। इससे पहले भारत ने तीन मैच की टी20 श्रृंखला 2-1 से जीती थी। वनडे श्रृंखला के बाद इन दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट मैच भी होगा। 

संबंधित समाचार