लखनऊ विश्वविद्यालय में इंटर-हॉस्टल महोत्सव का भव्य आगाज, परिसर खेल प्रतिस्पर्धाओं से हुआ गुंजायमान
प्रसिद्ध खिलाड़ी आरपी सिंह ने जलाई खेल की मशाल
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विश्वविद्यालय के पंचम इंटर-हॉस्टल प्रतियोगिता महोत्सव-2026 का औपचारिक उद्घाटन सुभाष हॉल में किया गया। सप्ताह भर चलने वाले इस महोत्सव में विभिन्न छात्रावासों के छात्र खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
सुभाष हॉस्टल के खेल मैदान में विद्यार्थियों के विशाल समागम के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। विश्वविद्यालय बैंड की अगुवाई में निकली शोभायात्रा और औपचारिक परेड आकर्षण का केंद्र रही। जिसमें छात्र प्रतिनिधि रंग-बिरंगे पट्टों के साथ परिसर की एकता और विविधता का संदेश देते नजर आए। मुख्य अभिरक्षक एवं संयोजक प्रो. अनूप कुमार सिंह ने स्वागत भाषण दिया। मशाल प्रज्वलन और गुब्बारों के विमोचन के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत की घोषणा की गई।
मुख्य अतिथि रहे खेल निदेशक डॉ. आरपी. सिंह ने विद्यार्थियों को निष्पक्षता और खेल भावना बनाए रखने का संदेश दिया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. वीके शर्मा के नेतृत्व में प्रतिभागियों ने ईमानदारी से प्रतिस्पर्धा करने की शपथ ली। सुभाष हॉल के प्रोवोस्ट प्रो. महेंद्र अग्निहोत्री ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
पहली खेल प्रतियोगिता के रूप में वॉलीबॉल मुकाबले आयोजित हुए। बालिका वर्ग में छह छात्रावासों की टीमों ने भाग लिया, जिसमें कैलाश और गंगा छात्रावास ने फाइनल में स्थान बनाया। फाइनल मुकाबले में कैलाश हॉस्टल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि गंगा हॉल उपविजेता रहा। पुरुष वर्ग में महमूदाबाद और हबीबुल्ला छात्रावास फाइनल में पहुंचे, जिसका मुकाबला 26 फरवरी को खेला जाएगा। महोत्सव के उद्घाटन के साथ ही विश्वविद्यालय परिसर खेल भावना और उत्साह से सराबोर हो उठा।
