Bareilly: शहाबुद्दीन को खटकी प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल यात्रा, नेतन्याहू के बारे में कही कड़वी बात !
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इजरायल दौरा अब मुस्लिम उलमा को खटक रहा है। बरेली के मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी इसकी आलोचना की। प्रधानमंत्री के नाम लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने गाजा के मुसलमानों का नरसंहार किया है, लिहाजा प्रधानमंत्री को अपनी इजरायल यात्रा टाल देनी चाहिए।
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने मंगलवार बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक पत्र लिखा है। जिसके जरिए भारत के करोड़ों सुन्नी और शिया मुसलमानो की भावनाओं से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने पत्र में लिखा कि इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जिस तरह गाजा के मुसलमानो का नरसंहार किया, हजारों औरतों-बच्चों का कत्ले आम किया, इसके अलावा इंटरनेशनल कोर्ट ने नेतन्याहू के खिलाफ फैसला देकर गिरफ्तारी वारंट जारी किया, खुद इसराइल की सुप्रीम कोर्ट मे उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के मुकदमे चल रहे हैं, उनके कई साथी भ्रष्टाचार के मामले मे जेल मे बंद हैं। लिहाजा सलाह है कि प्रधानमंत्री इसराइल की यात्रा न करें।
मौलाना ने पत्र में लिखा है कि मौजूदा समय मे अमेरिका और ईरान की सम्भावित जंग हालात को पेचीदा बनाए हुए हैं। अमेरिका अपनी दादागिरी की बुनियाद पर दुनिया भर में कमजोर और छोटे देशों पर किसी न किसी बहाने कब्जा करना चाहता है। इसी वजह से अमेरिका ईरान का तख्तापलट करके अपने कब्जे मे लेना चाहता है। भारत के सुन्नी और शिया मुसलमानो की हमदर्दी ईरान के साथ है और ईरान के भारत से अच्छे संबंध रहे हैं। इसलिए भी आप अपनी यात्रा पर पुनर्विचार करें।
मौलाना ने पत्र में लिखा कि आप जब से प्रधानमंत्री बने है उस समय से लेकर आज तक आपने मुस्लिम देशों और अरब देशों से अच्छे रिश्ते बनाए है, यही वजह रही कि आपको मुस्लिम देशों ने सर्वोच्च सम्मान दिया। भारत ने हमेशा फिलीस्तीन का समर्थन किया और फिलीस्तीन से भारत के पुराने संबंध भी रहे हैं। इसलिए भी आप अपनी इसराइल यात्रा पर गौर करें कि इन सभी मुस्लिम देशों और खासतौर पर फिलीस्तीन के नागरिकों को दुःख और तकलीफ होगी। नेतन्याहू से मिलने पर प्रधानमंत्री की छवि धूमिल हो सकती है।
