Moradabad: गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर खंडहर में पेंटर का शव मिलने से मचा हड़कंप
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बने खंडहर की एक मंजिल पर शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस कर्मियों के साथ एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। फारेंसिक टीम ने शव के आसपास से जांच के लिए साक्ष्य जुटाए। हामिद की मौत की खबर मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता के अनुसार उनके बेटे को सुबह उसका दोस्त घर बुलाकर ले गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार को नया गांव के रहने वाले 25 वर्षीय हामिद पुत्र मोहम्मद शकील का शव सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर खड़हरनुमा इमारत की पहली मंजिल पर मिला। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। फॉरेंसिक लैब की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव के आसपास से साक्ष्य संग्रहित किए। हामिद के परिजनों का उसकी मौत की खबर सुनने के बाद बुरा हाल था। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। हामिद का शव देखकर परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे।
मृतक के पिता मोहम्मद शकील ने बताया कि उसका बेटा हामिद पेंटर था और वह पिछले कई दिनों से एक पेट्रोल पंप के समीप एक इमारत में पेंटिंग का काम कर रहा था। पिता ने बताया हामिद का रिश्ता ढक्का हसन उझारी की युवती से तय हो रहा था। दो दिन पहले हामिद को देखने के लिए लड़की वाले आने वाले थे जिसके चलते हामिद ने दो दिन की छुट्टी ली थी। पिता ने बताया कि सुबह 10:30 बजे पीएसी निवासी परोला नाम का दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गया था।
हामिद को फोन मिलाया तो फोन नहीं उठा। दोपहर दो बजे हामिद के फोन से एक लड़के ने कॉल कर बताया कि वह हामिद का दोस्त है। हामिद राजमहल होटल के पास बने खंडहर में है इसे ले जाओ। हम वहां पहुंचे तो वहां कोई नहीं था। इसके बाद हम कई खंडहरों को देखते हुए यहां पहुंचे तो हामिद का शव यहां पड़ा मिला। फिर उस लड़के को फोन मिलाया तो उसने फोन बंद कर दिया। पुलिस ने मृतक शव को देखा तो शरीर पर किसी प्रकार की चोट नहीं थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कमिश्नर आवास के पास बने खंडहर में शव पड़े होने की सूचना मिली। शव जमीन पर पड़ा मिला था, यहां कैसे आया जांच के बाद पता लगेगा। शरीर पर कोई चोट का निशान न होने के कारण मौत के कारण के बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। जांच के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जल्दी ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
