Lucknow News: रन लेने के तैश में छठीं के छात्र को साढ़े पांच फुट उठाकर सड़क पर पटका, cctv में कैद हुई खौफनाक घटना

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: वजीरगंज इलाके में क्रिकेट खेलते हुए रन लेने पर युवक ने मोहल्ले में रहने वाले कक्षा-6 के छात्र को करीब साढ़े पांच फुट उठाकर सड़क पर पटक दिया। सिर में चोट लगने से बच्चा बेहोश हो गया। यह देखकर आरोपी डर गया और भागकर अपने घरवालों को जानकारी दी। आरोपी के परिजन बेहोश बच्चे को उठाकर अपने घर लाए और पानी डालकर होश में लाए। इसके बाद उसे घर भेज दिया। कुछ देर बाद बच्चे की हालत बिगड़ी तो परिजन उसे पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने किशोर की हालत ठीक बताते हुए छुट्टी कर दी। हालत दोबारा बिगड़ने पर परिजन ने बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया तो सिर में चोट मिली। सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की करतूत कैद हुई है। पीड़ित की मां ने मंगलवार को वजीरगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करायी है।

जगत नारायण रोड निवासी हयात हुसैन इलेक्ट्रिशियन है। परिवार में पत्नी रूही खान, दो बेटी और इकलौता बेटा अब्दुल नासिर (10) हैं। नासिर निजी स्कूल से कक्षा-6 का छात्र है। मां रूही खान ने बताया कि 20 फरवरी की शाम अब्दुल नासिर नमाज पढ़ने के लिए घर से निकला था। नमाज पढ़ने के बाद मस्जिद से बाहर निकला तो कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। उन बच्चों के साथ वह भी खेलने लगा। आरोप है कि इस दौरान मोहल्ले का फहाद उर्फ प्रिंस बालिंग करने लगा।

प्रिंस ने बालिंग पर नासिर ने शॉट मार दी। नासिर रन लेने के लिए दौड़ा तो प्रिंस ने रन लेने के लिए रोका लेकिन वह नहीं माना और रन लेने के लिए दौड़ा। इस पर प्रिंस ने तैश में आकर नासिर को उठा लिया और करीब साढ़े पांच फुट ऊपर उठाकर जमीन पर पटक दिया। सिर में चोट लगने से अब्दुल नासिर सड़क पर तड़पते हुए बेहोश हो गया। नासिर को बेसुध देखकर आरोपी ने अपने परिवारवालों को जानकारी दी। आरोपी के परिजन आए और अब्दुल नासिर को अपने साथ घर ले गए।

घर में आरोपी के परिजनों ने अब्दुल नासिर पर पानी के छीटें डाली। होश में आने पर आरोपी के परिजन बच्चे को उसके घर छोड़कर चले गए। कुछ देर बाद आरोपी प्रिंस के चाचा राशिद और चाची हिना बच्चे के घर पहुंची। उन्होंने पीड़ित की मां को बहकाते हुए कहा कि रोजा रखने की वजह से अब्दुल नासिर बेहोश हो गया था। इसी बीच नासिर को उल्टी होने लगी। राशिद के कहने पर परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए। जहां नासिर का सिटी स्कैन व अन्य जांचें की गई। आरोप है कि राशिद ने सभी जांच रिपोर्ट रख ली। परिवारवालों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो प्रिंस की करतूत कैद मिली। पीड़ित मां रूही खान ने वजीरगंज कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।

अम्मी बचाओ, प्रिंस मार डालेगा

तबीयत बिगड़ने पर घरवाले मासूम नासिर को बलरामपुर अस्पताल ले गए। वहां एमआरआई व सीटी स्कैन होने पर पता चला कि मासूम के सिर में अंदरूनी चोटें लगी है। जांच रिपोर्ट आने पर डाॅक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया। इलाज के बाद बच्चा घर पर है। परिजन ने बताया कि घटना के बाद से मासूम बुरी तरह सहमा हुआ है। जब भी उसकी आंख खुलती तो वह कांपने लगता है। कहता है अम्मी प्रिंस उसे मार डालेगा। परिजन उसे समझाते तो वह शांत हो जाता।

संबंधित समाचार