सीएम योगी का जापान दौरा: यामानाशी हाइड्रोजन फैसिलिटी में पावर-टू-गैस टेक्नोलॉजी देखकर बोले- यूपी ग्रीन हाइड्रोजन और सस्टेनेबल एनर्जी का हब बनेगा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

जापान/ लखनऊ: जापान दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यामानाशी प्रांत में ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भी स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं यामानाशी के माननीय राज्यपाल और उनकी पूरी टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि आज उन्होंने मुझे और मेरे सभी सहयोगियों को यामानाशी प्रांत को नजदीक से देखने, जानने और सभी के साथ संवाद करने का अवसर दिया।"

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने यामनाशी प्रांत में स्थित यामानाशी हाइड्रोजन फैसिलिटी का भ्रमण किया और वहां स्थापित एडवांस्ड पावर-टू-गैस सिस्टम को कार्य करते हुए देखा। उन्होंने ग्रीन हाइड्रोजन और क्लीन एनर्जी टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में किए जा रहे शोध और विकास कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यामानाशी का इनोवेटिव मॉडल सस्टेनेबल एनर्जी ट्रांज़िशन और क्लीन मोबिलिटी सॉल्यूशंस को गति देने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करता है। यह तकनीक भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पर्यावरणीय संतुलन के साथ पूरा करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश ग्रीन हाइड्रोजन, सस्टेनेबल एनर्जी सॉल्यूशंस और इनोवेशन के क्षेत्र में व्यापक संभावनाओं के साथ आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सीएम योगी ने कहा कि हमने उत्तर प्रदेश की नीतियों को 'रिएक्टिव' की बजाय 'प्रोएक्टिव' बनाया है और उसके परिणाम आज हम सबके सामने हैं। 9 वर्षों में हमने उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना करने में सफलता प्राप्त की है। राज्य सरकार पर्यावरणीय जिम्मेदारी, आत्मनिर्भरता और आधुनिक तकनीक आधारित विकास मॉडल को अपनाते हुए भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार