Bareilly : गंगापुर की आरके इंडस्ट्रीज समेत 17 संपत्तियां सील

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

नगर निगम ने चलाया वसूली अभियान, 12.89 लाख मौके पर जमा कराए

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के संपत्ति कर विभाग ने शुक्रवार को शहर के चारों जोनों में कड़ी कार्रवाई करते हुए बकाया करों की वसूली में सख्ती दिखाई। बकाया राशि जमा न करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत गंगापुर की आरके इंडस्ट्रीज समेत कुल 17 भवनों और व्यवसायिक संपत्तियों को सील कर दिया गया। इस दौरान 12 लाख से अधिक की टैक्स वसूली भी की गई।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि जोन-वन में साहूकारा के अब्दुल रशीद, मो. कामिल, किला छावनी के रविकांत चड्डा, परसाखेड़ा के वीसी तनेजा, आरके इंडस्ट्रीज, मोहित गोयल, सीबीगंज के अध्यासी गंज एवं अध्यासी राकेश शर्मा की संपत्तियां सील की गईं। जोन-दो में सिकलापुर के गौरी शंकर, पूरनलाल, राम निवास खण्डेलवाल और रामकली की सम्पत्तियों पर नगर निगम ने शिकंजा कसा। वहीं जोन-तीन में कटरा चांद खां के मो. मियां, सहसवानी टोला के धनीराम, सूफी टोला के मकसूद दिशा बेगम, कटरा चांद खां के यासीन अहमद और खलील अहमद की संपत्तियों को भी ठोस कार्रवाई के तहत सील किया गया। इस कार्रवाई के दौरान 12,89,662 रुपये की बकाया राशि नगर निगम कोष में जमा कराई गई। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने साफ कहा है कि यह अभियान लगातार और सख्ती से जारी रहेगा, जिससे कर चोरों को कोई रियायत न मिले। चेतावनी दी जो भी भवन या व्यावसायिक संपत्ति स्वामी बकाया कर जमा नहीं करेंगे, उनकी संपत्तियां भी सील की जाएंगी।

संबंधित समाचार