बहराइच में कब्रिस्तान विवाद से जुड़े वादी पर जानलेवा हमला, FIR दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बहराइचः उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र के वैराकाजी गांव में बुधवार देर रात कब्रिस्तान विवाद से जुड़े एक वादी पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला किया। पुलिस के अनुसार रमजान माह में तरावीह की नमाज अदा कर समाल अहमद अपने साथियों के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शी अफजाल ने बताया कि चौराहे के पास बनी मस्जिद में नमाज पढ़ कर लौट रहे थे कि चौराहे पर बैठे रफी, इरफान एवं सईद ने पीछे से आकर गोली चला दी, हमले में समाल अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे अफजल को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। अन्य लोगों के मौके पर पहुंचने पर हमलावर फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया, जहां से डॉक्डरों ने हालत की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया ग्रामीणों के अनुसार समाल अहमद गांव के कब्रिस्तान संबंधी विवाद में वादी हैं और इस प्रकरण में उच्च न्यायालय में 26 फरवरी को उनकी गवाही प्रस्तावित थी।

घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है तथा सुरक्षा की मांग की जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक कैसरगंज राजेश शुक्ला का कहना है कि मिली तहरीर के अनुसार मुकदमा पंजीकृत कर प्रकरण की जांच की जा रही है,जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

संबंधित समाचार