27-28 को लखनऊ में मीन महोत्सवः बोले निषाद-1000 मत्स्य पालकों की भागीदारी, आधुनिक तकनीक और उद्यमिता पर फोकस

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में मत्स्य पालन को आधुनिक, लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मीन महोत्सव (एक्वा एक्सपो) का आयोजन 27 व 28 फरवरी को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा।

यह जानकारी प्रदेश के मत्स्य विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय कुमार निषाद ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि एक्सपो में देश व प्रदेश के प्रख्यात मत्स्य वैज्ञानिक, उद्यमी तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 1000 मत्स्य पालक भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों का प्रसार, उद्यमिता संवर्धन तथा मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि के लिए एक समन्वित मंच उपलब्ध कराना है।

एक्सपो में लगभग 50 प्रतिष्ठित कंपनियों के स्टॉल, औद्योगिक प्रदर्शनी, तकनीकी सत्र, पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन, वेबकास्टिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी 75 जनपदों में सीधा प्रसारण, फिश फूड कोर्ट और प्रोटीन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बायोफ्लॉक, आरएएस प्रणाली, रोग नियंत्रण, गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन, वैल्यू एडिशन, विपणन और निर्यात संभावनाओं पर विशेष सत्र होंगे। डॉ. निषाद ने कहा कि यह महोत्सव मत्स्य किसानों के लिए वैज्ञानिकों और उद्यमियों से सीधे संवाद का प्रभावी मंच बनेगा, जिससे मत्स्य क्षेत्र में सतत विकास, रोजगार और पोषण सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

संबंधित समाचार