लखनऊ की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल: चौपटिया होली जुलूस में रोजेदारों के साथ फूलों की होली, 52 साल पुरानी परंपरा
लखनऊ, अमृत विचार। चौपटिया से होली पर निकलने वाला परम्परागत जुलूस इस साल अपने 52 साल पूरे कर रहा है। यह जुलूस शुभ संस्कार समिति द्वारा निकाला जाता है।
शुभ संस्कार समिति के सचिव ऋद्धि किशोर गौड़ ने बताया कि इस साल भी गंगा जमुना तहजीब के साथ चौपटिया से होली का जुलूस निकलेगा। उन्होंने बताया कि जुलूस में रोजेदारों के साथ फूलों की होली खेली जाएगी।
शुभ संस्कार समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया इस बार 4 मार्च को सुबह 9:30 बजे जुलूस कक्कड़ पार्क चौपटिया से शुरू होगा। ऋद्धि किशोर गौड़ ने बताया रमजान का पवित्र माह भी चल रहा है। जुलूस का 70 फीसदी हिस्सा मुस्लिम इलाकों से निकलता है, इसलिए हमेशा की तरह रोजगारों के साथ फूलों की होली खेली जाएगी।
उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि चौपटिया से जुलूस भोलेनाथ कुआं, अकबरी गेट, विक्टोरिया स्ट्रीट, मेडिकल चौराहा होते हुए चौक पहुंचेगी। हरदोई रोड होते हुए चौपटिया पर जुलूस समाप्त होगा।
उन्होंने बताया कि विभिन्न जगहों पर मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा स्वागत किया जाएगा। बारात में मुख्य रूप से पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा और विधायक नीरज बोरा मौजूद रहेंगे।
