OTS योजना खत्म होने को... राजधानी में अभी भी हजारों बिजली उपभोक्ता बकायेदार, सख्त कार्रवाई की तैयारी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: एकमुश्त समाधान योजना के खत्म होने में एक सप्ताह बचा है, इसके बाद भी राजधानी में हजारों उपभोक्ता बिजली बिल के बकायेदार बने हुए हैं। विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर ली है और अब उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। ट्रांसगोमती से लेकर सिस गोमती के ग्रामीण इलाकों तक बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने ओटीएस योजना का लाभ नहीं उठाया।

पावर कॉरपोरेशन ने साफ किया कि है,योजना के समाप्त होने के बाद बकायेदार उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। बकाया वसूली के लिए उपकेंद्र अधिकारियों को कनेक्शन काटने और बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। लेसा अधिकारियों के अनुसार, ओटीएस योजना के दौरान एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिलों का समायोजन कराया है। ग्रामीण क्षेत्रों में विभाग को उम्मीद से कम सफलता मिली है। वर्तमान में 25 हजार से अधिक उपभोक्ता अब भी बकाया श्रेणी में हैं। फरवरी माह के बाद बकाया वसूली अभियान शुरू कर दिया जाएगा।

ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा बकाया

शहर के गोमतीनगर, अलीगंज, चौक, ऐशबाग, मडियांव, गुडंबा, अमीनाबाद, मौलवीगंज, सहादतगंज, सरोजनीनगर, कानपुर रोड,, दुबग्गा, बीकेटी, , हरदोई रोड और चिनहट समेत कई ग्रामीण बाहुल्य क्षेत्रों में 25 हजार से अधिक उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है। विभाग की ओर से इन इलाकों में जागरूकता अभियान में तेजी लाने के साथ ही पैदल रैली, बैनर और पोस्टरों के माध्यम से ओटीएस योजना की जानकारी दी जा रही है। इसके बावजूद उपभोक्ता योजना से दूरी बनाए हुए है।

दो सर्किलों में सबसे अधिक बकायेदार

मुख्य अभियंता सिस महफूल आलम ने बताया कि सिस क्षेत्र में दो सर्किल डिवीजन हैं। एक सर्किल में कानपुर रोड और आलमबाग क्षेत्र शामिल हैं, जबकि दूसरे सर्किल में नादरगंज, मलिहाबाद, मोहनलालगंज और दुबग्गा क्षेत्र आते हैं। ये सभी ग्रामीण बाहुल्य क्षेत्र हैं, जहां सबसे अधिक बिजली बिल बकाया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को योजना के खत्म होने से पहले इन बकायेदार उपभोक्ताओं से बिल की वसूली के लिए कड़े निर्देश जारी किए है। वहीं उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में करीब दो लाख उपभोक्ताओं पर बकाया चल रहा था। ओटीएस योजना लागू होने के बाद अच्छी संख्या में लोगों ने बिलों का समायोजन कराया है, लेकिन अब भी हजारों उपभोक्ताओं ने भुगतान नहीं किया है।

योजना खत्म होने के बाद नहीं मिलेगी कोई छूट

योजना समाप्त होने के बाद विभाग ने साफ कर दिया है कि अब सरचार्ज और एरियर में किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। बकायेदारों को पूरा बिल जमा करना होगा। विभाग जल्द ही उपकेंद्र अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम बनाकर बकायेदारों के घर भेजेगा। भुगतान न करने की स्थिति में कनेक्शन काटने के साथ बड़े बकायेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। बिजली विभाग की इस सख्ती से आने वाले दिनों में ग्रामीण इलाकों में वसूली अभियान तेज होने की संभावना है।

संबंधित समाचार