उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़ा फेरबदल: तीन एडीजी को मिलेगा डीजी का पद, प्रमोशन का रास्ता साफ

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश के तीन पुलिस महानिदेशक (डीजी) समेत दस अधिकारी शनिवार को सेवा से रिटायर हो गए। इसके साथ ही तीन एडीजी के प्रमोशन के बाद डीजी बनने का रास्ता भी साफ हो गया है। यह प्रमोशन वरिष्ठता क्रम के आधार पर किए जाएंगे।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित विदाई समारोह में डीजी संदीप सालुंके (मानवाधिकार), एमके बशाल (होमगार्ड) और दिपेश जुनेजा (अभियोजन) को सम्मानपूर्वक विदाई दी। इनके साथ ही समारोह में हाल ही में वीआरएस लेने वाले एडीजी के. सत्यनारायण को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं डीआईजी विकास कुमार वैद्य और पांच डिप्टी एसपी भी सेवा से रिटायर हो गए। इन्हें भी डीजीपी और अन्य अधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को भी याद किया गया।

उधर तीन डीजी के रिटायर होने के बाद एडीजी प्रकाश डी., एलवी एंटनी देव कुमार और जय नारायण सिंह को डीजी पद पर प्रोन्नति मिलेगी। इन पदोन्नतियों के बाद पुलिस विभाग में कई वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया जा सकता है।

संबंधित समाचार