बाराबंकी : टायर फटने से पलटी बोलेरो, तीन की मौत आठ जख्मी
बाराबंकी, अमृत विचार : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार दोपहर पिछला टायर फटने से बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं व एक पुरुष समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोगों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इनमें कुछ की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही। अयोध्या वासी कार सवार सभी लोग लखनऊ में सत्संग कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार यह हादसा लोनीकटरा थाना क्षेत्र में ग्राम नेरा कुबूलपुर के निकट रविवार की दोपहर करीब दो बजे हुआ। बोलेरो सवार सभी लोग अयोध्या जिले के इनायतनगर क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं। यह सभी लखनऊ के मोहनलालगंज में आयोजित एक सत्संग कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे, जबकि कार अजीत कुमार चला रहे थे। दोपहर करीब दो बजे एक्सप्रेस-वे पर प्वाइंट नंबर 19.7 से 19.8 के मध्य बोलेरो का पिछला बायां टायर अचानक फट गया। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई।
वहीं अयोध्या के थाना इनायत नगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुक्खापुरवा निवासी अजीत कुमार, ग्राम देवीपुर निवासी वंश बहादुर यादव, इनकी पत्नी निर्मला, राजकुमार, श्याम कली पत्नी करमचंद, बाबूराम पुत्र बचऊ, रेखा पत्नी रंग बहादुर, शांति देवी पत्नी बलिराम, इंद्रपति पत्नी रामप्रसाद, ग्राम पांडेयपुरवा निवासी सियालाल, पराना पत्नी सियालाल गंभीर रूप से जख्मी हो गए, कई सड़क पर पड़े तड़पते रहे। हादसे की सूचना मिलते ही लोनीकटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को लखनऊ की सीएचसी गोसाईगंज भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने बाबूराम 60 पुत्र बचऊ, शांति देवी 62 पत्नी बलिराम व इंद्रपति 60 पत्नी रामप्रसाद को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का उपचार शुरु किया गया। इनमें कुछ को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष अभय मौर्य के अनुसार अधिकांश घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें : IND vs WI T20 WC : भारत ने जीता टॉस, वेस्टइंडीज के खिलाफ गेंदबाजी का फैसला
