Bareilly : होली बाद वापसी का हवाई किराया हो गया दोगुना, मुंबई और बेंगलुरू के यात्री बढ़े
बरेली, अमृत विचार। होली पर ट्रेनों में सीट के लिए हो रही मारामारी ने बरेली से मुंबई और बेंगलुरू आने-जाने का हवाई टिकट भी महंगा करा दिया है। होली के बाद अपने गंतव्य स्थानों के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी। होली पर मुंबई-बेंगलुरू-बरेली आने-जाने वाले यात्रियों को आठ हजार से 13 हजार तक रुपये टिकट पर खर्च करने पड़ रहे हैं, जबकि होली बाद उन्हें आने-जाने के लिए 11 हजार से लेकर 18 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ेंगे। बेंगलुरू के लिए 186 सीटर और मुंबई के लिए 232 सीटर एयरबस उड़ान भर रही है। त्योहारी सीजन में एयरबस फुल चल रही हैं।
इंडिगो एयरलाइंस कंपनी की बेवसाइट से बरेली-मुंबई फ्लाइट के टिकट के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 1 मार्च को बरेली-मुंबई के लिए यात्रियों ने सेवर फेयर में 7959 रुपये, फ्लेक्सी प्लस फेयर में 8484 रुपये और इंडिगो अप फ्रंट में 10059 रुपये तय किए हैं। इसमें टैक्स भी जुड़ा हुआ है। इसी तरह 2 मार्च को यात्रियों को 1 मार्च से ज्यादा किराया देना पड़ रहा है। उन्हें 8633 रुपये, 9158 रुपये और 10733 रुपये प्रति किराया देकर टिकट खरीदना पड़ रहा है। वहीं, मुंबई से बरेली आने के लिए यात्रियों को 2 मार्च के लिए 9244 रुपये, 9769 रुपये और 11239 रुपये तक किराया देकर टिकट बुक कराए हैं। 4 मार्च के लिए यात्रियों के 7759 रुपये, 8484 रुपये और 10059 रुपये में प्रति टिकट बुक कराने की बात सामने आई। होली के बाद 6 मार्च को मुंबई से बरेली आना और महंगा हो गया। यात्रियों को 10009 रुपये, 10534 रुपये और 12109 रुपये और 8 मार्च को 15928 रुपये, 16453 रुपये और 18028 रुपये तक प्रति टिकट किराया देना पड़ सकता है।
बेवसाइट से मिली जानकारी के अनुसार 3 मार्च को बरेली से बेंगलुरू के लिए यात्रियों को सेवर फेयर में 9218 रुपये, फ्लेक्सी प्लस फेयर में 9743 रुपये और इंडिगो अप फ्रंट में 11213 रुपये का टिकट लेना पड़ रहा है। होली के अगले दिन बरेली से मुंबई जाने के लिए यात्रियों को 11797 रुपये, 12322 रुपये और 13792 रुपये तक टिकट में खर्च करने हाेंगे। यही किराया 7 मार्च को और बढ़ गया है। बरेली से बेंगलुरू के लिए 15294 रुपये, 15819 रुपये, 17289 रुपये तक प्रति टिकट पर खर्च करने पड़ेंगे।
इंडिगो के बरेली एयरपोर्ट पर तैनात प्रतिनिधि ने बताया कि हवाई किराया बढ़ा नहीं है, यात्रियों की मांग ज्यादा होने की वजह से लोग टिकट को ज्यादा रुपये में खरीदते हैं, इसलिए वह महंगा हो जाता है। अभी इंडिगो मुंबई के लिए 232 सीटर और बेंगलुरू के लिए 186 सीटर एयरबस संचालित कर रहा है। सप्ताह में बेंगलुरू की उड़ान मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को है, जबकि मुंबई की उड़ान चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को है।
पांच दिन एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या
पिछले बुधवार को बरेली एयरपोर्ट पर 229 यात्री आए और 199 यात्री गए। गुरुवार को 185 यात्री आए और 158 यात्री गए थे। शुक्रवार को 224 यात्री आए और 186 यात्री गए। शनिवार को 183 यात्री आए थे और 188 यात्री गए थे, जबकि रविवार को 216 यात्री आए और 197 यात्री बरेली से गए थे।
वर्जन
निदेशक बरेली एयरपोर्ट अवधेश अग्रवाल ने बताया कि होली त्योहार के मद्देनजर मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट फुल चल रही हैं। दोनों फ्लाइट अपने निर्धारित समय पर बरेली से मुंबई और बेंगलुरू उड़ान भर रही हैं। एयर ट्रैफिक दोनों शहरों के लिए हर मौसम में खूब मिलता है।
