मजबूत शैक्षिक नींव से होगा नौनिहालों का भविष्य उज्ज्वल : राजरानी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हमारा आंगन हमारे बच्चे उत्सव में मेधावी बच्चे हुए सम्मानित

बाराबंकी, अमृत विचार। ब्लॉक संसाधन केंद्र बंकी स्थित कंपोजिट विद्यालय बड़ेल परिसर में विकास खंड बंकी व नगर क्षेत्र द्वारा सामूहिक रूप से ‘हमारा आंगन हमारे बच्चे’ उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी बंकी एवं नगर क्षेत्र चंद्र शेखर यादव के निर्देशन में हुआ। इसका उद्देश्य नई शिक्षा नीति 2020 के तहत आंगनबाड़ी और प्राथमिक विद्यालयों के बीच सुचारु ट्रांजिशन, बुनियादी साक्षरता और खेल-खेल में शिक्षा को बढ़ावा देना रहा। 

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य डॉ. अवधेश कुमार व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कंपोजिट विद्यालय बड़ेल के बच्चों ने सरस्वती वंदना और प्राथमिक विद्यालय बनवा के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। 

मुख्य अतिथि राजरानी रावत ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग और आंगनबाड़ी के समन्वय से सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य नौनिहालों की मजबूत शैक्षिक नींव रखकर उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है। 

बीएसए नवीन कुमार पाठक ने कहा कि बाल वाटिका कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व-प्राथमिक शिक्षा के माध्यम से बच्चों को कक्षा-1 के लिए तैयार करना है। खेल-खेल में भाषा एवं अंक ज्ञान विकसित किया जाता है, ताकि बच्चे सीखने की प्रक्रिया का आनंद लेते हुए आत्मविश्वास के साथ बिना किसी भय के अपने विचारों को व्यक्त कर सकें। 

इस अवसर पर प्रत्येक न्याय पंचायत से बाल वाटिका के पांच-पांच निपुण बच्चों को स्टेशनरी किट व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, साथ ही शिक्षकों को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी नगर क्षेत्र अनिल कुमार, सुपरवाइजर मीना कुमारी व अनीता कुमारी, जिला समन्वयक प्रशिक्षण विनीता मिश्रा, एआरपी सुभाष तिवारी, लक्ष्मी सिंह, शिक्षिकाएं सुषमा यादव, अल्का गौतम, ऋचा शर्मा, दीपिका सिंह, अजिता श्रीवास्तव सहित बंकी व नगर क्षेत्र के शिक्षक मौजूद रहे।

संबंधित समाचार