Bareilly: रामायण वाटिका में शिलापट्ट लगाया, सीएम का इंतजार
बरेली, अमत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल रामायण वाटिका और रुद्रावनम पार्क के उद्घाटन को लेकर फिर से हलचल बढ़ गई है। प्राधिकरण ने रामायण वाटिका के मुख्य द्वार पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों लोकार्पण का शिलापट्ट लगा दिया है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि उद्घाटन जल्द हो सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि होली के बाद मुख्यमंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परिसर की सफाई, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। इससे पहले दिसंबर में प्रस्तावित दौरा टल गया था। अभी कोई निश्चित तिथि तय नहीं हुई है, लेकिन होली के बाद उनका दौरा होने की संभावना है।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकन्डन ए. ने बताया कि रामायण वाटिका सिर्फ एक पार्क नहीं है, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय विचारों का संगम है। पार्क में मियांवाकी तकनीक से विकसित घना वन, आकर्षक मूर्तियां और इंस्टॉलेशन लगाए गए हैं, जो आगंतुकों को रामायण काल से जोड़ते हैं। रुद्रावनम पार्क में अत्याधुनिक लैंडस्केपिंग, वॉटर बॉडी और हरे-भरे क्षेत्र तैयार किए गए हैं।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री दौरे के दौरान रामायण वाटिका का उद्घाटन और रुद्रावनम पार्क का भूमि पूजन कर सकते हैं। इसके अलावा शहर की अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी कार्यक्रम में शामिल हो सकता है। इस संभावित दौरे को लेकर सभी अलर्ट मोड में हैं। प्रशासन शासन से हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रहा है।
