Bareilly: शहर के विकास की धूल में फूल रहीं लोगों की सांसें, सिटी स्टेशन रोड और डेलापीर पर आफत
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी में विकास के नाम पर जनता खूब जूझ रही है। डेलापीर से स्टेडियम रोड और सिटी स्टेशन रोड पर एक साथ खोदाई ने दोनों प्रमुख मार्गों की व्यवस्था ध्वस्त कर दी है। अधिकारियों के बीच समन्वय की कमी इतनी साफ नजर आ रही है कि सवाल उठता है-क्या काम तेजी से करना जरूरी है या जनता की सुविधा? धूल के गुबार ने लोगों की सांसें फुला दी हैं, पैदल चलना भी खतरे से भरा हो गया है।
सड़क पर उड़ती धूल के बीच वाहन चालकों की रफ्तार इतनी धीमी हो गई है कि ट्रैफिक जाम भी रोजमर्रा की कहानी का हिस्सा बन गया है। सिटी स्टेशन रोड पर चौपुला पुल से किला पुल तक पांच करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण चल रहा है। खोदाई के दौरान उड़ती धूल ने इलाके को असहनीय बना दिया है। भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है, लेकिन छोटी गाड़ियों की कतारें दिनभर लंबी-लंबी खिंची नजर आती हैं। चौपुला पुल के पास जाम की स्थिति आम बात हो गई है। लोगों का कहना है कि काम तो तेजी से हो रहा है, लेकिन जनता की सहूलियत को ध्यान में नहीं रखा जा रहा है।
वहीं, सीएम ग्रिड योजना फेज-1 के अंतर्गत डेलापीर से स्टेडियम रोड पर सड़क चौड़ीकरण कराई जा रही है। कहीं एक तरफ तो कहीं दोनों तरफ सड़क खोद दी है। सड़क किनारे गहरे गड्ढे खोदे हैं। यहां रात में दिक्कत बढ़ जा रही है, दिन में भी वाहन चालकों को मशक्कत करनी पड़ रही है। इसी तरह सीएम ग्रिड योजना फेज-2 के तहत कोहाड़ापीर से कुदेशिया फाटक व कोहाड़ापीर से प्रेमनगर धर्मकांटा तक माडल रोड बनाने के लिए सड़क का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। इस रोड पर सबसे ज्यादा धूल उड़ रही है। दुकानदार खुद बाल्टी से पानी डालकर धूल कम करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह सिर्फ अस्थायी समाधान है। विकास तो दिख रहा है, लेकिन उसकी कीमत सीधे जनता चुकाती नजर आ रही है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता मुनीश अवस्थी का कहना है कि सीएम ग्रिड योजना में माडल सड़कों का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। अलग-अलग मार्गों पर ठेकेदार भी अलग-अलग लगाए गए हैं। सुरक्षा के भी इंतजाम किए हैं। चूंकि निर्माण के लिए मौसम अनुकूल है, इसलिए तेजी से कार्य कराया जा रहा है। धूल न उड़े इसके लिए ठेकेदार की ओर से छिड़काव भी दिन में कई बार कराया जाता है।
