काशी पहुंचे रोमानिया मिलिशौती सिटी के मेयर: स्मार्ट सिटी के कार्यों को जाना, कंट्रोल सेंटर कार्यप्रणाली को समझा
वाराणसी। रोमानिया के मिलिशौती सिटी के मेयर वासिले कारारे सोमवार को वाराणसी पहुंचे और "काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर" का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वाराणसी की प्रमुख विकास परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा भी की। मेयर ने सबसे पहले "काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर" की कार्यप्रणाली को समझा।
यहां के प्रमुख कंपोनेंट्स जैसे सिटी सर्विलांस, फेशियल रिकग्निशन सिस्टम, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं वेरिएबल मैसेज सिस्टम, बीट मैपिंग आदि के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
नगर आयुक्त एवं सीईओ, वाराणसी स्मार्ट सिटी हिमांशु नागपाल ने माननीय मेयर को नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के अंतर्गत चल रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी प्रदान की।
नागपाल ने यह भी बताया कि धर्म नगरी काशी में भारी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु एवं दर्शनार्थी आते हैं। उन्हें एक अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करने के लिए वाराणसी नगर निगम एवं संपूर्ण जिला प्रशासन किस प्रकार निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त एवं सीईओ ने मेयर वासिले कारारे का अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। 2022 के रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान रोमानिया के मिलिशौती सिटी के मेयर वासिले कारारे ने फंसे हुए भारतीय छात्रों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उन्होंने अपने शहर के स्पोर्ट्स हॉल को अस्थायी आश्रय गृह में बदल दिया था, जहां कुल 1,500 छात्रों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। ये प्रयास भारत सरकार के 'ऑपरेशन गंगा' मिशन का हिस्सा थे, जिसके तहत रोमानिया, पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया और मोल्दोवा जैसे पड़ोसी देशों के माध्यम से 22,500 से अधिक भारतीय नागरिकों (मुख्य रूप से छात्रों) को सुरक्षित स्वदेश वापस लाया गया था।
