जागरूकता अभियान: स्मार्ट मीटर को लेकर शंकाओं का किया समाधान
बरेली, अमृत विचार। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम द्वारा 9 फरवरी से शुरू हुआ स्मार्ट मीटर पखवाड़ा सोमवार को सम्पन्न हो गया है। इस दौरान बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत में व्यापक स्तर पर उपभोक्ता जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत प्रतिदिन 25 उप खंडों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए। जिसमे बरेली में 3200, शाहजहांपुर में 2357, पीलीभीत में 1132 और बदायूं में करीब 2700 उपभोक्ताओं ने सहायता केंद्रों पर पहुंचकर स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं का समाधान कराया। पखवाड़ा के दौरान उपभोक्ताओं को कई प्रकार की सहूलियतें प्रदान की गईं। हेल्प डेस्क के साथ साथ उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, रिचार्ज प्रक्रिया और बिलिंग प्रणाली की जानकारी दी गई।
मोबाइल में एप डाउनलोड करके ले सकते हैं खपत की जानकारी
उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन में यूपीपीसीएल स्मार्ट एप इंस्टॉल कराकर उन्हें बिजली खपत की रियल टाइम मॉनिटरिंग और ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा से अवगत कराया गया। स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों को मौके पर ही सुना और निस्तारित किया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जागरूकता अभियान के दौरान स्मार्ट मीटर के फायदे विस्तार से बताए गए, जिसकी उपभोक्ताओं में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। चेक मीटर के माध्यम से पारंपरिक मीटरों की तुलना कर स्मार्ट मीटर की पारदर्शी और सटीक कार्यप्रणाली भी समझाई गई।
उपभोक्ताओं से अपील घरों में लगवाए मीटर
निगम ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने अपने घरों में स्मार्ट मीटर लगवाकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और डिजिटल व्यवस्था को अपनाने में सहयोग करें। उत्तर प्रदेश में 3 करोड़ 9 लाख 78 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर इंस्टॉल किए जाने हैं। जिनमें से 83 लाख 92 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर इंस्टॉल किए जा चुके हैं।
जरूरी है स्मार्ट मीटर
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को वास्तविक समय की बिजली खपत की जानकारी प्रदान करते हैं, जिससे वे अपनी खपत पर नजर रख सकते हैं और ऊर्जा की बचत कर सकते हैं। इस स्मार्ट मीटर से गलत बिजली बिल की संभावना नहीं रहती है। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी खपत पर नजर रखने की सुविधा मिलती है, साथ ही बिजली कटौती की जानकारी भी पहले से मिल जाती है। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर में लोड मैनेजमेंट की सुविधा भी है, जो अधिक बिजली खपत होने पर उपभोक्ताओं को अलर्ट कर देती है।
