Bareilly: दुर्घटना करा सकते हैं सड़कों पर खड़े बिजली खंभे...यहां दे रहे हादसों को दावत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहरी क्षेत्र में कई सड़कों पर ''मौत'' खड़ी है। सड़कों पर खड़े बिजली विभाग के खंभे और टेलीफोन खंभों को हटवाने के लिए सामाजिक संगठनों ने आवाज उठाई, लेकिन किसी स्तर पर ध्यान नहीं दिया गया। 

पीलीभीत रोड पर महानगर काॅलोनी के पास, ट्यूलिप टॉपर व फिनिक्स मॉल के सामने और सिटी स्टेशन रोड पर हनुमान मंदिर के पास सड़क पर खड़े खंभे कई बार दुर्घटना करा चुके हैं। घायलों की किस्मत साथ दे गई कि वह सही सलामत हैं, लेकिन बिजली के खंभे भविष्य में जीवन के लिए खतरा बने हुए हैं। 

रामपुर रोड पर शनिवार की देर रात सड़क किनारे खड़े पेड़ की वजह से हुए हादसे में तीन लोगाें की जान चली गई। इस मामले में पीडब्ल्यूडी और वन विभाग की अनदेखी सामने आई है।

पीलीभीत रोड पर कई जगहों पर और जंक्शन रोड पर खड़े बिजली खंभों को नहीं हटाये गये तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इन दोनों सड़कों के अलावा नगर निगम सीमा क्षेत्र की कई सड़कों पर जानलेवा बिजली खंभे खड़े हैं। सौ फुटा रोड के कट से एक सड़क छोटी विहार और मुंशीनगर सहित दर्जनों कालोनियों के लिए जाती है।

 दिनभर हजारों लोगों का आना-जाना रहता है। कुछ माह पहले ही यह सड़क बनवायी गयी। शहर विधायक की निधि से सड़क का निर्माण हुआ, लेकिन इस सड़क के बीच में खड़े बिजली खंभे नहीं हटवाए गए। ये खंभे राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं।

सिटी स्टेशन रोड पर हनुमान मंदिर के पास सड़क पर खंभा खड़ा है। इस रोड पर दिनभर ट्रैफिक का सैलाब निकलता है। बीसलपुर रोड पर रुहेलखंड पुलिस चौकी से लेकर हरुनगला तक सड़क किनारे कई खंभे खड़े हैं जो कभी भी हादसा करा सकते हैं।

 राजेंद्र नगर में गांधी नगर के सामने सड़क पर टेलीफोन के चार खंभे खड़े हैं। इन्हें हटवाने के लिए क्षेत्र के लोगाें ने एक दर्जन से ज्यादा शिकायतें कीं, लेकिन बीएसएनएल के खंभे सड़क से नहीं हट पाए। इधर, सोमवार को हुई दिशा की बैठक में बिजली विभाग के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश को शहर की सड़कों पर खड़े बिजली खंभों को हटवाने के निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार