मथुरा : होली में मर्यादा भंग के आरोप में 17 युवक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में होली के दौरान मर्यादा भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए गोवर्धन में 17 युवकों को गिरफ्तार किया है। इन पर गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने आए श्रद्धालुओं, विशेषकर महिला परिक्रमार्थियों पर जबरन गुलाल फेंकने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत थाना गोवर्धन प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने परिक्रमा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार कुछ युवक परिक्रमा दे रही महिलाओं पर जबरन रंग डाल रहे थे और अशोभनीय टिप्पणियां कर रहे थे, जिन्हें मौके से हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की उम्र 19 से 32 वर्ष के बीच बताई गई है।

इनमें गोवर्धन क्षेत्र के खुशीराम, सुखवीर, प्रदीप, बेनामी, चेतन, विष्णु, रोहन, आसिफ, आदिल और अनिल कुमार तथा जैत क्षेत्र के राज, मोहन सिंह, विकास, नवीन, कान्हा, सागर और मनोज शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126, 135 और 170 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आस्था के पर्व पर किसी भी श्रद्धालु, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, विकेश तोमर, मोहनलाल, गौरव शर्मा सहित पुलिस बल मौजूद रहा। 

संबंधित समाचार