नाले का बहाव ठीक न होने पर घरों में घुस रहा गंदा पानी, नाले के ऊपर लगे ढक्कन टूटे, लोगों ने लगाएं अनदेखी के आरोप
हादसे को बुलावा... शिकायतों के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई
अयोध्या, अमृत विचार : रामनगरी में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान बनाया गया नाला अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। इस मार्ग पर राजघाट के पास स्थित साईं मंदिर के बगल में नाले पर ढक्कन नहीं लगाया गया है, जिससे कभी भी हादसा होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले का बहाव ठीक न होने के कारण गंदा पानी उनके घरों में भी घुस रहा है।
ध्यान रहे कि अयोध्या के विकास के क्रम में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। यह कार्य अब अंतिम चरण पर है। घरों व दुकानों के पानी के निकास के लिए सड़क के दोनों ओर करीब छह फीट गहरा नाला भी बनाया गया है। वर्तमान में कई स्थानों पर नाले के ऊपर ढक्कन नहीं लगाया गया है। राजघाट के समीप स्थित साईं मंदिर के ठीक बगल नाला खुला हुआ है, इसमें कई तरह की केबल भी निकलकर सड़क पर पड़ी है। मंदिर होने के कारण यहां श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। साथ ही बच्चे भी खेलते कूदते हैं। इससे कभी भी हादसे की संभावना बनी हुई है। पीडब्लयूडी के इंजीनियर विकल्प कनौजिया से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
रोजाना है वीआईपी का आगमन
स्थानीय निवासी पवन ने बताया कि अयोध्या का विकास हो रहा अच्छी बात है, लेकिन इसे संतुलित तरीके से किया जाए। रोजाना इधर से वीआईपी का आगमन होता है, लेकिन किसी को नाले का खुला ढक्कन दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने इसे तत्काल ठीक कराने की मांग की।
नहीं हो रही सुनवाई
स्थानीय नागरिक सुशांत कहते हैं कि यहां ऊंचाई होने के कारण नाले का बहाव राजघाट की ओर नहीं है। जरा सी बरसात में पानी भर जाता है व ओवरफ्लो होकर घरों में भी घुस रहा है। कई बार मौखिक व लिखित शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रहीहै।
हफ्ते भर में न ठीक हुआ तो अनशन
श्री बालाजी सरकार सेवा समिति के अध्यक्ष सुभाष जायसवाल इसको लेकर लंबी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कई बार पीडब्ल्यूडी के अधिकारी से मिलकर इस समस्या का निदान कराने की मांग भी की। कार्रवाई न होने पर अब उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है। उनका कहना है कि अगर एक सप्ताह में इसे ठीक नहीं किया गया तो वह पीडब्ल्यूडी कार्यालय पर अनशन करेंगे।
