Bareilly : खूंखार कुत्तों ने चार साल के मासूम को नोच कर मार डाला
मीरगंज, अमृत विचार। शाही थाना क्षेत्र के सुकली गांव में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां आवारा कुत्तों ने चार वर्षीय मासूम को घेरकर बेरहमी से नोच डाला। हमले में गंभीर रूप से घायल बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुकली निवासी खुर्शीद का चार वर्षीय बेटा अर्श सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव से लगभग 500 मीटर दूर खेत पर पहुंच गया। खेत में पशुओं के लिए बरसीम का चारा लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि अर्श अक्सर अपने पिता और दादा के साथ खेत पर जाता था। पिता शाही में दूध देने गए थे और खेत पर नहीं थे। अर्श को अकेला पाकर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने उसे बुरी तरह नोच डाला।
मासूम की चीखें सुनकर ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, जब पिता खेत पर पहुंचे तो देखा कि कुत्ते अर्श को नोच रहे थे। उन्होंने किसी तरह कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक अर्श की मौत हो चुकी थी। लहूलुहान हालत में जब बच्चे का शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। अर्श अपने भाइयों में सबसे छोटा था।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुत्ते पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुके हैं। गांव में चर्चा है कि पास के मुर्गी फार्म से मृत चूजों को खुले में फेंका जाता है, जिससे कुत्ते आक्रामक और हिंसक हो गए हैं। गांववासियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर तत्काल नियंत्रण लगाने की मांग की है। थानाध्यक्ष राजेश बैसला ने बताया कि मासूम के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने और तहरीर देने से इनकार कर दिया है। पुलिस आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
