Amroha : विधि विधान से किया होलिका का पूजन, देर रात कई स्थानों पर किया गया होलिका दहन

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

जौ की बालियां और गन्ने अर्पित किए, एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाइयां

अमरोहा, अमृत विचार। सोमवार को दोपहर में महिलाओं ने परंपरागत तरीके से होली का पूजन किया। परिवार में सुख-शांति की कामना की। देर रात शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर होलिका दहन किया गया। लोगों ने होलिका में जौ की बालियां और गन्ने भूनकर परंपरा निभाई गई।

जिले भर में 4 मार्च को शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक दुल्हंडी पर रंगों की होली खेली जाएगी। सोमवार को दिनभर बाजारों में खरीदारी को लेकर भीड़भाड़ रही। इस साल पूर्णिमा तिथि दो दिन, होलिका दहन पर भद्रा और चंद्र ग्रहण के चलते सोमवार की देर रात परंपरागत तरीके से जिले भर में करीब 1226 स्थानों पर होलिका दहन हुआ। शहर की आवास विकास कॉलोनी, कोट चौराहा, टीपी नगर, बड़ा बाजार समेत अन्य जगहों पर देर रात होलिका दहन किया गया। होली के त्योहार को लेकर युवाओं और बच्चों का उत्साह देखा गया। इससे पहले महिलाओं ने होली का पूजन किया। इस दौरान पूजन कर रहीं महिलाओं ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पुलिस प्रशासन भी होली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकन्ना है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर है। अराजक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। दुल्हडी के दिन पुलिस दिनभर गश्त करती रहेगी। शहर कस्बों के चौराहे पर पुलिस तैनात रहेगी। पुलिस ने बाइकों पर सवार होकर माहौल खराब करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की नसीहत दी है।

होली के उल्लास में डूबे लोग
गजरौला। सोमवार को शहर में होली का उत्साह छाया रहा। महिलाएं पूजा-पाठ में व्यस्त रहीं। बच्चे और युवा एक-दूसरे को रंगने में लगे रहे। मंदिरों में भी पूजा अर्चना की गई। यहां पर महिलाओं ने होलिका मइया को अर्घ्य दिया। साथ ही विधि विधान संग पूजा की। देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को भी रंग-गुलाल लगाया। इंदिरा चौक स्थित गंगा प्याऊ मंदिर, बस्ती मार्ग, खाद गूजर चौराहा, रेलवे स्टेशन रोड आदि स्थानों पर मेले जैसा माहौल रहा। दोपहर से ही रंग-गुलाल से होली खेलना शुरू कर दिया गया। लोग रंग-बिरंगे नजर आए। महिलाओं ने होलिका की पूजा की। इस दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम रहे। पुलिस टीमें भी दिनभर गश्त करती रहीं। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।

संबंधित समाचार