Bareilly : जिले के 130 होनहार बाल वैज्ञानिक बनने की दौड़ में शामिल
बरेली, अमृत विचार। जिले के 130 मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत हुआ है। ये छात्र अब बाल वैज्ञानिक बनने की दिशा में अपने प्रोजेक्ट बनाकर प्रस्तुत करेंगे। जिसके बाद उनका चयन प्रदेश स्तर पर किया जाएगा।
राजकीय स्कूल ताल गौटिया के प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र मौर्य ने बताया कि देशभर से लगभग एक लाख विद्यार्थियों के आइडिया इंस्पायर अवार्ड मानक के लिए चुने गए। जिनमें से बरेली के 130 छात्रों के प्रोजेक्ट चयनित हुए हैं। चयनित विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट बनाने के लिए 10-10 हजार रुपये दिए जाते हैं। राजकीय स्कूल ताल गौटिया से पांच छात्रों ने आवेदन किया था, जिनमें से तीन का चयन हुआ है। इससे प्रधानाचार्य और शिक्षक खुश हैं।
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों का चयन होता है। जिले से चयन किए गए छात्र-छात्राएं अपने प्रोजेक्ट तैयार कर अगले चरण की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इनमें से सिर्फ 10 छात्र-छात्राओं के प्रोजेक्ट को ही स्टेट चयन के लिए चुना जाएगा।
