जौनपुर में होली का उत्साह : हर्षोल्लास के वातावरण में धूमधाम से मना त्यौहार, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बुधवार को रंगों का पर्व होली परंपरानुसार हर्षोल्लास के वातावरण में धूमधाम से मनाई गई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जौनपुर नगर में सुबह से होलियारों की टोली हाथ में अबीर, गुलाल और पिचकारी लेकर सड़कों पर उतर आये और एक दूसरे को रंगों से शराबोर करते हुए अबीर गुलाल लगाते और होली के गीतों को गाते हुए मस्ती से झूम रहे थे। इसी प्रकार पूरे जिले में धूमधाम से रंगो उत्सव मनाया गया। 

जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र ने अपने संदेश में कहा कि होली बसंत ऋतु का महत्वपूर्ण पर्व है। राग-रंग का यह लोकप्रिय पर्व बसंत का संदेशवाहक भी है। राग अर्थात् संगीत और रंग इसके प्रमुख अंग है। अतः रंगो के इस पवित्र पर्व होली आपके जीवन में सुख, शान्ति एवं समृद्धि लेकर आए एवं सामाजिक सद्भाव, प्रेम और उल्लास को और अधिक सशक्त बनाए। 

होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सामुदायिक समरसता का भी प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करता है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि जिले में रंगोत्सव होली को देखते हुए कुल नौ क्षेत्राधिकारी, 29 थाना प्रभारी, 12 निरीक्षक, 269 उपनिरीक्षक, 300 हेड कांस्टेबल 916 कांस्टेबल, 190 महिला आरक्षी, 444 होमगार्ड को लगाया किया गया था। 

पूरे जिले को nks सुपर जोन, सात जोन, 28 सेक्टर, 53 सब सेक्टर में विभक्त कर पुलिस अधिकारी व कर्मचारी और सम्बन्धित मजिस्ट्रेट की डियूटी लगायी जा रही थी। पूरे जिले में होली के दृष्टिगत पूर्व में घटित घटनाओं के दृष्टिगत कुल 510 व्यक्तियों को पाबन्द कराया गया था। जिले में दोपहर के बाद कई स्थानों पर होली मिलन का भी आयोजन किया गया जिसमें लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। पूरे जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

ये भी पढ़ें :
बाराबंकी में बवाल: होली खेलने को लेकर मारपीट, 11 लोग घायल

 

 

 

संबंधित समाचार