UP: होली पर पीटीआर में रहा अलर्ट...शिकारियों पर रखी गई पैनी नजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। होली पर्व के मद्देनजर पीलीभीत टाइगर रिजर्व में अलर्ट जारी किया गया था। कटान एवं शिकार से संबंधित संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष निगरानी की जा रही है। साथ ही वन अपराध में लिप्त अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी निगाह रखी जा रही है। इसको लेकर डिप्टी डायरेक्टर ने पूर्व में ही सभी वन क्षेत्राधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए थे।

जंगलों में होली पर्व के दौरान हिरन, पाढ़ा, चीतल, जंगली सूअर आदि वन्यजीवों समेत पक्षियों के शिकार की घटनाएं अकसर बढ़ जाती हैं। होली की छुट्टियों का फायदा उठाकर शिकारी और अपराधी जंगल में घुसकर शिकार एवं अन्य अवैध गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में लग जाते हैं। इसको लेकर टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने बीते माह ही सभी रेंजों के वन क्षेत्राधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए थे। जारी आदेश के बाद सभी रेंजों में वनकर्मियों की टीमों द्वारा सामूहिक गश्त की जा रही है। 

अवैध कटान एवं शिकार से संबंधित संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करने के साथ उनकी विशेष निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही वन अपराध में लिप्त रहने वाले अपराधियों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखने का दावा किया जा रहा है। अवैध घुसपैठ रोकने के लिए भारत-नेपाल सीमा से सटे जंगल पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। डिप्टी डायरेक्टर की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि कोई वन एवं वन्यजीव घटना होती है और कोई वनकर्मी अनुपस्थित पाया जाता है तो इसके लिए संबंधित वनक्षेत्राधिकारी ही जिम्मेदार होंगे।

वनकर्मियों की छुट्टियां कैंसिल
शिकारी एवं वन अपराध में लिप्त अपराधी होली की छुट्टियों का फायदा उठाकर ही शिकार आदि की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसको लेकर डिप्टी डायरेक्टर ने सभी वन क्षेत्राधिकारियों को होली के दौरान किसी कर्मचारी का अवकाश स्वीकृत न करने के निर्देश दिए हैं। विशेष परिस्थतियों में केवल डिप्टी डायरेक्टर द्वारा ही अवकाश स्वीकृत किया जाएगा।

पीलीभीत टाइगर  प्रभारी डीएफओ भरत कुमार डीके ने बताया कि रिजर्व होली पर्व के मद्देनजर वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सभी वन क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया गया है। संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर निगरानी करने के साथ वन अपराधियों की गतिविधियों पर भी निगाह रखी जा रही है। यदि कहीं कोई लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

 

संबंधित समाचार