बदायूं : पोषाहार बांटने वाली 179 आंगनबाड़ी वर्कर्स की होगी सेवा समाप्त, 663 का रोका मानदेय

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए जारी किया सेवा समाप्त का नोटिस 

बदायूं, अमृत विचार। पोषाहार वितरण न करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्री के खिलाफ बाल विकास विभाग ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने 179 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सेवा समाप्त करने का नोटिस जारी किया है। वहीं 663 का मानदेय रोक दिया है। विभाग द्वारा कार्रवाई किए जाने से आंगनबाड़ी वर्कर्स में हड़कंप मच गया है।

जिले में 2940 आंगनबाडी केंद्र संचालित हैं। इनमें पंजीकृत 0 से 6 साल के बच्चों और गर्भवती महिलाओं और धात्रियों को शासन की नई व्यवस्था के तहत फेस रीडिंग के आधार पर पोषाहार में दलिया, दाल और खाद्य तेल का वितरण किया जाना शुरू हो गया है। विभागीय अधिकारी के अनुसार जिले के सभी केंद्रों पर फेस रीडिंग के तहत 1,77950 0 से 6 साल के बच्चों और गर्भवती महिलाओं और धात्रियों  का ही आधार सीडिंग, ई-केवाईसी हुई है। फेस रीडिंग के तहत ही पोषाहार का वितरण केंद्रों पर हो रहा है। फरवरी माह में फेस रीडिंग के आधार पर 663 आंगनबाड़ी वर्कर्स के द्वारा 67 प्रतिशत ही पोषाहार का वितरण किया गया है। केंद्रों पर अभी 30 प्रतिशत से अधिक पोषाहार पड़ा हुआ है। जिसका वितरण आंगनबाड़ी वर्कर्स द्वारा नहीं किया जा रहा। जिस पर कार्रवाई करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी ने 179 वर्कर्स को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया है। साथ ही 663 आंगनबाड़ी वर्कर्स मानदेय रोक दिया है। 

इनकी होगी सेवा समाप्त
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि 179 केंद्रों पर पोषाहार का वितरण मात्र 10 प्रतिशत हो सका है। ऐसी स्थिति में आंगनबाड़ी वर्कर्स की सेवा समाप्त की जाएगी। उन्हें नोटिस जारी किया गया है। इनमें दातागंज ब्लॉक के गांव बिहारीपुर की सीमा, ब्लॉक जगत के गांव खुनक की कमलेश, जगत की आरती कुमारी, कादरचौक ब्लॉक के गांव लालपुर नगरिया की पाना देवी, सहसवान ब्लॉक के गांव सेमरा बनवीरपुर की परवीन सहित 179 आंगनबाड़ी वर्कर्स को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है। 

तीन ब्लॉकों में वितरण की स्थिति गंभीर
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि पोषाहार वितरण में सबसे अधिक लापरवाही तीन ब्लॉकों की है। इनमें जगत में कुल 46 प्रतिशत, उसावां में 57 प्रतिशत और बिसौली में 59 प्रतिशत ही पोषाहार का वितरण हुआ है। इन ब्लॉकों के परियोजना अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की  तैयारी हो रही है। 

फेस रीडिंग के आधार पर पोषाहार का वितरण शुरू हो गया है। इस कार्य में आंगनबाडी वर्कर्स के द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। पोषाहार वितरण न करने वाले आंगनबाड़ी वर्कर्स की सेवा समाप्त की जाएगी। इसके लिए उन्हें नोटिस जारी किया गया है। छह सौ से अधिक आंगनबाड़ी वर्कर्स का मानदेय रोका गया है। -प्रमोद कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी।

संबंधित समाचार