Sambhal : होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 27 टन से अधिक मैदा जब्त

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

संभल, अमृत विचार। होली पर्व को देखते हुए मिलावट और नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संभल और बहजोई क्षेत्र में बड़ी छापामार कार्रवाई की। इस दौरान सेवई निर्माण इकाई और मैदा फैक्ट्री से भारी मात्रा में नियमों का उल्लंघन कर भंडारित मैदा जब्त किया गया। कुल मिलाकर करीब 27 हजार 700 किलोग्राम मैदा कब्जे में लिया गया है, जबकि सेवई और मैदा के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

 बुधवार देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संभल शहर के मोहल्ला खग्गू सराय स्थित मोहम्मद शाकिर की सेवई निर्माण इकाई पर कार्रवाई की । निरीक्षण के दौरान मौके पर सेवई और सेवई निर्माण में उपयोग किए जा रहे मैदा की जांच की गई। जांच में यह सामने आया कि सेवई बनाने में  श्री हरि ब्रांड मैदा का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस ब्रांड के मैदा में पैकिंग और लेबलिंग नियमों का पालन नहीं किया गया था। सेवई निर्माण इकाई में श्री हरि ब्रांड मैदा के कुल 173 बोरे मिले  जिनमें लगभग 7,700 किलोग्राम मैदा भंडारित था। नियमों के उल्लंघन पर टीम ने सभी 173 बोरे जब्त कर लिए। यहां से सेवई और मैदा के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। मामले की तह तक जाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने श्री हरि ब्रांड मैदा बनाने वाली फैक्ट्री में जाकर हालात देखने का फैसला लिया।  इसके बाद गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मानवेन्द्र सिंह सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के साथ ही  खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार, अशोक कुमार व  सुधीर कुमार के साथ ग्राम बमनेटा, बहजोई स्थित श्री हरि राइस एंड जनरल मिल पर छापामार कार्रवाई की। यहां निरीक्षण के दौरान श्री हरि ब्रांड मैदा के कुल 447 बोरे पाए गए, जिनमें करीब 20,000 किलोग्राम मैदा भंडारित था। जांच में मैदा के पैकेटों पर भ्रामक खाद्य लाइसेंस संख्या अंकित पाई गई। इसके अलावा पैकिंग और लेबलिंग से जुड़े अन्य नियमों का भी उल्लंघन पाया गया। फैक्ट्री परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। टीम ने मौके से मैदा के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे और सभी 15-15 किलोग्राम वजन वाले 447 बोरे जब्त कर लिए। साथ ही नियमों के उल्लंघन और स्वच्छता में कमी को लेकर मिल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया । अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार