UP : हर जिले में 100 मॉडल तालाब विकसित करने की तैयारी, ग्रे वाटर और प्लास्टिक से होंगे मुक्त

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के हर जिले में 100-100 तालाबों को ‘मॉडल तालाब’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इन तालाबों को ग्रे वाटर और प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा, जिससे जल गुणवत्ता सुधरेगी और मच्छरजनित बीमारियों में कमी आएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब केवल जल संग्रहण का साधन नहीं, बल्कि भू-जल रिचार्ज, सिंचाई, जैव विविधता संरक्षण और सामाजिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र रहे हैं। लेकिन बीते वर्षों में प्लास्टिक अपशिष्ट और घरेलू ग्रे वाटर (स्नान, रसोई व कपड़े धोने से निकला पानी) सीधे तालाबों में जाने से जल प्रदूषण बढ़ा है, जिसका सीधा असर ग्रामीण स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ा है। इसी चुनौती को देखते हुए स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत पंचायती राज विभाग ने मॉडल तालाब विकसित करने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।

पंचायती राज निदेशक अमित कुमार सिंह के अनुसार, चयनित तालाब के चारों ओर नो-प्लास्टिक जोन घोषित किया जाएगा और ग्राम पंचायत से प्लास्टिक न फेंकने का प्रस्ताव पारित कराया जाएगा। तालाब में गिरने वाली नालियों पर प्लास्टिक ट्रैप जाली और फिल्टर चैंबर लगाए जाएंगे। वहीं, ग्रे वाटर के उपचार के लिए नालियों के अंतिम सिरे पर बायो-फिल्टर सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिसमें कंकड़, रेत और केली-केना जैसे पौधों का उपयोग होगा। इससे पानी प्राकृतिक रूप से शुद्ध होकर तालाब में पहुंचेगा।

ये भी पढ़ें : होली पर रोडवेज की बड़ी तैयारी: निर्बाध रात्रिकालीन बस सेवाएं होंगी संचालित, इन रूटों पर चलने के निर्देश 

संबंधित समाचार