Lucknow News: चिनहट के राय एन्क्लेव से 400 केवीए ट्रांसफॉर्मर चोरी, 12 लाख का नुकसान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: चिनहट के देवा रोड स्थित राय एन्क्लेव कॉलोनी में बीती रात शातिर चोर पूरी कॉलोनी की बिजली आपूर्ति करने वाला 400 केवीए ट्रांसफॉर्मर ही चोरी कर ले गए। गुरुवार सुबह जब तक लोगों को हकीकत का पता चला, तब तक ट्रांसफॉर्मर का तेल और कॉपर निकालकर गायब किया जा चुका था। इस घटना से बिजली विभाग को करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

बुधवार देर रात अचानक पूरी कॉलोनी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोगों ने पहले इसे तकनीकी खराबी समझा, लेकिन सुबह चार बजे तक सप्लाई बहाल नहीं होने पर उपभोक्ताओं ने टोल-फ्री नंबर 1912 और शिवपुरी उपकेंद्र पर सूचना दी।

एसएसओ प्रमोद चौहान के निर्देश पर संविदा कर्मचारी संतोष मौके पर पहुंचे तो देखा कि जिस चबूतरे पर ट्रांसफॉर्मर रखा था, वह पूरी तरह खाली पड़ा है। चोर कनेक्शन काटकर ट्रांसफॉर्मर का तेल और तांबा निकाल ले गए थे। सूचना पर अवर अभियंता निलेश रस्तोगी भी मौके पर पहुंचे।

विभाग ने आनन-फानन में ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था की। करीब 12 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर 12 बजे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। विभाग की शिकायत पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गिरोह की तलाश में जुटी है।

एक साल में 25 से अधिक वारदातें

पिछले एक वर्ष में शहर में 25 से अधिक ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। सर्वाधिक मामले अमौसी जोन के वृंदावन, मोहनलालगंज, सरोजनीनगर और दुबग्गा क्षेत्रों में सामने आए हैं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इसी गिरोह ने दो दिन पहले देवा रोड पर भी ट्रांसफॉर्मर चोरी का प्रयास किया था, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें भगा दिया था। इसमें मलिहाबाद क्षेत्र के एक गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

हाल की प्रमुख घटनाएं

7 फरवरी: बीकेटी में 250 केवीए ट्रांसफॉर्मर को चबूतरे से गिराकर तेल और कॉपर चोरी।

17 जनवरी: मोहनलालगंज के गणेशखेड़ा में 250 केवीए ट्रांसफॉर्मर से तांबा और तेल चोरी, 10 हजार लोग 18 घंटे बिजली संकट से जूझे।

1 जनवरी: मोहान रोड, सलेमपुर पतौरा में 250 केवीए ट्रांसफॉर्मर चोरी।

25 दिसंबर: बिजनौर के हंसखेड़ा क्षेत्र में प्लाटिंग साइट से ट्रांसफॉर्मर चोरी।


अधिशासी अभियंता अभय सिंह (11 केवी एलटी, गोमतीनगर जोन) ने बताया कि चिनहट देवा रोड स्थित राय एन्क्लेव में 400 केवीए ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटना हुई है। मामले में थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है और विभागीय स्तर पर भी जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार