Bareilly : प्लाईवुड फैक्ट्री पर सेंट्रल जीएसटी का छापा, खंगाले दस्तावेज
फैक्ट्री मालिक के आवास समेत कई स्थानों पर एक साथ चल रही छापे की कार्रवाई, सुरक्षा बलों ने डाला घेरा
बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। फरीदपुर तहसील क्षेत्र में गुरुवार तड़के सेंट्रल जीएसटी की टीम ने सीआरपीएफ जवानों के साथ प्लाईवुड फैक्ट्री में छापेमारी की। टीम ने प्लाईवुड फैक्ट्री के साथ फैक्ट्री मालिक के आवास समेत उनके अन्य प्रतिष्ठानों पर भी दस्तक देकर रिकार्ड खंगाला। प्लाईवुड कंपनी संचालकों का उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक कारोबार फैला है। इस छापेमारी से व्यापारियों में चर्चा का बाजार गर्म है।
दिल्ली से आई सेंट्रल जीएसटी की टीम ने फरीदपुर क्षेत्र में भगवानपुर फुलवा गांव में स्थित पांचजन्य प्लाईवुड फैक्ट्री में छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार छापेमारी करने के लिए एक साथ कुल 11 टीमें व्यापारी रवि नोमानी के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि उत्तराखंड में दस्तक दी है। बताया जा रहा है कि फरीदपुर पांचजन्य प्लाईवुड में पांच गाड़ियों से टीम के सदस्य पहुंचे और कार्रवाई करने से पहले सभी के मोबाइल फोन और दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। फैक्ट्री में आने-जाने वालों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया और सुरक्षा के लिहाज से गेट पर ही सीआरपीएफ जवानों को तैनात कर दिया गया। टीमों ने फैक्ट्री मालिक रवि नेमानी के घर से लेकर सभी औद्योगिक इकाइयों पर एक साथ छापे मारी की है।
गेट पर लौटे मजदूर, दिनभर ठप रहा काम
गुरुवार की सुबह की शिफ्ट में पहुंचे मजदूरों को फैक्ट्री गेट से ही वापस लौटा दिया गया। छापेमारी के चलते फैक्ट्री का संचालन पूरी तरह ठप रहा। हालांकि मौके पर मौजूद जवान ने साफ किया कि मजदूरों के प्रवेश पर उनकी ओर से कोई रोक नहीं थी, बल्कि प्रबंधन ने ही फिलहाल काम बंद रखा है। छापेमारी ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हलचल मचा दी है।
फैक्ट्री में देर शाम तक जारी रही छापेमारी
बता दें कि इस फैक्ट्री पर यह पहली छापेमारी नहीं है। इससे पहले भी जुलाई 2025 और फरवरी 2023 में सीजीएसटी की टीम फैक्ट्री में छापेमारी कर चुकी है। फैक्ट्री के अंदर टीम में शामिल अधिकारी खातों, कंप्यूटर डाटा और जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। बाहर सुरक्षा घेरा पूरी तरह से मुस्तैद किया गया है। सेंट्रल जीएसटी की टीम ने फैक्ट्री परिसर को अपने कब्जे में लेकर उसे छावनी में तब्दील कर दिया है।
