Bareilly: बरेली में वोटर बनने को 50 से ज्यादा एनआरआई ने किया आवेदन
बरेली, अमृत विचार। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत 50 से ज्यादा विदेशों में प्रवास कर रहे भारतीयों (एनआरआई) ने भी वोटर बनने के लिए ऑनलाइन फार्म-6ए भरा है। आवेदन करने वालों में कनाडा, आस्ट्रेलिया, रूस, नेपाल, दुबई सहित कई देशों में रह रहे एनआरआई शामिल हैं।
एनआरआई (नॉन रेजीडेंट इंडियन) के भरे गए फार्म-6ए की जांच निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ही कर सकेंगे। अभी इनके आवेदनों की जांच जारी है। एनआरआई आवेदकों ने फार्म-6 ए भरने के दौरान जो कागजात ऑनलाइन संलग्न किए हैं, उन सभी की जांच गहनता से की जाएगी, ताकि कोई गलती न हो सके।
जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बहेड़ी में 5, भोजीपुरा में 1, नवाबगंज में 1, फरीदपुर में 10, बिथरी चैनपुर में 2, बरेली शहर में 18, बरेली कैंट में 12 और आंवला में एक एनआरआई ने फार्म-6 ए भरा है। डीएम अविनाश सिंह ने पहले ही एनआरआई के आवेदन फॉर्म सही से भरवाने के निर्देश निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को दिए थे। वहीं, एसआईआर के दूसरे चरण में जिलेभर में बुधवार तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए सभी तहसीलों में 243075 फार्म-6 भरे जा चुके हैं। एसआईआर से छूटे लोगों के पास 6 मार्च तक अपना नाम जुड़वाने का अवसर है।
एसआईआर में 25 फरवरी तक मतदाता सूचियों से नाम हटाने के लिए फार्म-7 भरकर 4877 लोगों ने आपत्तियां दर्ज करायी, जबकि मतदाता सूची में दर्ज नाम में संशोधन कराने के लिए 64327 लोगों ने फार्म-8 भरा है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार निस्तारण के लिए अभी 103316 फार्म-6, 3880 फार्म-7 और 39361 फार्म-8 लंबित हैं। 139759 फार्म-6 और 997 फार्म-7 और 24966 फार्म-8 का जांच के बाद निस्तारण किया जा चुका है। वहीं, एईआरओ के स्तर से फार्म-6 के 5786 आवेदन, फार्म-7 के 225 आवेदन और 2696 आवेदन फार्म-8 लंबित हैं।
