LPG सिलेंडर के बढ़े दाम तो भड़की कांग्रेस : खरगे बोले- जनता पर लगातार महंगाई का हंटर चला रहे हैं प्रधानमंत्री

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। कांग्रेस ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये बढ़ोतरी को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता पर लगातार महंगाई का हंटर चला रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 60 रुपये का इजाफा, वाणिज्यिक एलपीजी में कमाया 115 रुपये का मुनाफा, पहले कम अंतरराष्ट्रीय दामों का लाभ जनता से छीना, अब महंगाई के बोझ से जनता का निकाला पसीना।''

उन्होंने कहा, ''जंग होने पर 'सब चंगा सी' वाली दावेबाज मोदी सरकार पर्याप्त तेल-गैस, उर्वरक मुहैया कराने में लाचार है।'' कांग्रेस ने 'एक्स' पर अपने आधिकारिक 'हैंडल' से पोस्ट किया, '' 'महंगाई मैन' मोदी ने जनता को झटका दिया । मोदी सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम सीधे 60 रुपये बढ़ा दिए हैं। वहीं, वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के लिए अब आपको 115 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। उसने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता पर लगातार ''महंगाई का हंटर चला रहे'' हैं।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच घरेलू एलपीजी (तरलीकृत पेट्रोलियम गैस) सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की वृद्धि की गई है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में अब गैर-सब्सिडी वाली एलपीजी (जिसका इस्तेमाल उज्ज्वला लाभार्थियों के अलावा आम घरेलू उपभोक्ता अपनी रसोई में करते हैं) का 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर 913 रुपये में मिलेगा जबकि पहले इसकी कीमत 853 रुपये थी। एक साल से भी कम समय में कीमत में दूसरी बार बढ़ोतरी की गई है।

संबंधित समाचार