T20 World Cup Final: भारत vs न्यूजीलैंड वर्ल्ड कप में किसका पलड़ा भारी, क्या इंडिया रिकॉर्ड तोड़ेगी?

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अहमदाबादः टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम चरण पर पहुंच चुका है। रविवार यानी की 8 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला फाइनल मैच क्रिकेट फैंस के लिए महज एक खेल नहीं, बल्कि इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। टीम इंडिया इस बार न्यूजीलैंड को हराकर वर्ल्ड कप में 0-3 के खराब रिकॉर्ड को पलटने को बेकरार है। 

टी20 इंटरनेशनल में भारत का दबदबा

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 30 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं। इसमें से भारत ने 18 जीते (दो सुपर ओवर में) और न्यूजीलैंड ने 11 जीते। वहीं सिर्फ एक मैच ही बारिश के कारण रद्द हुआ।

घरेलू मैदान पर भारत का प्रदर्शन और भी शानदार रहा है। कुल 16 मैचों में 11 मैच भारत के नाम रहे।

लेकिन वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का राज!

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड भारत के लिए बेहद निराशाजनक रहा है:
- कुल मैच: 3
- न्यूजीलैंड: 3 जीत
- भारत: 0 जीत

2007, 2016 और 2021 के वर्ल्ड कप में कीवी टीम ने हर बार भारत को हराया। यही वजह है कि फाइनल में न्यूजीलैंड को हराना टीम इंडिया के लिए सिर्फ ट्रॉफी नहीं, बल्कि एक पुराने भूत को भगाने जैसा होगा।

हालिया दौरा- भारत में कीवीज का अनुभव

वर्ल्ड कप से ठीक पहले न्यूजीलैंड ने भारत में पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली थी, जिसमें टीम इंडिया ने 4-1 से सीरीज जीती। लेकिन व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में भारत में खेलने का ये ताजा अनुभव न्यूजीलैंड के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

इस वर्ल्ड कप में दोनों टीमों का प्रदर्शन

इस बार के वर्ल्ड कप के प्रदर्शन की बात हो तो भारत सिर्फ एक हार के साथ फाइनल में पहुंची है। वहीं न्यूजीलैंड की बात करें तो साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड से टीम को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन फाइनल तक का सफर मजबूत रहा।

अब सवाल ये है कि क्या घरेलू मैदान, शानदार फॉर्म और 18-11 के कुल रिकॉर्ड के दम पर टीम इंडिया वर्ल्ड कप में 0-3 के रिकॉर्ड को 1-3 में बदल पाएगी? या न्यूजीलैंड चौथी बार भारत को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लेगा?

 

संबंधित समाचार