प्रेमी ने कराया झोलछाप से गर्भपात : बिगड़ी तबियत तो हुआ फरार, SRN में पीड़िता ने तोड़ा दम, जानें पूरा मामला
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अवैध तरीके से कराए गए गर्भपात से पीड़ित युवती की शनिवार सुबह स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन अस्पताल) में उपचार के दौरान मौत हो गई। पीड़िता का गर्भपात झोलाछाप डाक्टर ने किया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे एसआरएन अस्पताल ले गये मगर 25 दिन तक चले उपचार के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
डॉक्टरों के अनुसार युवती के शरीर में संक्रमण अत्यधिक फैल जाने के कारण तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस के अनुसार फाफामऊ थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि उसका प्रेमी रविराज उसे गर्भपात कराने के लिए सोरांव क्षेत्र में एक झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गया था।
होलागढ़ के बारादरी बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक में गर्भपात कराने के दौरान युवती की हालत अचानक बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने उसे पहले सोरांव के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। 10 फरवरी की रात उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। जांच में पता चला कि युवती चार महीने की गर्भवती थी।
असुरक्षित तरीके से गर्भपात कराने के कारण उसकी बच्चेदानी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और आंतों का एक हिस्सा भी प्रभावित हो गया था। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसकी जान बचाने का प्रयास किया और बच्चेदानी निकालनी पड़ी, लेकिन अंदरूनी संक्रमण तेजी से फैल गया। करीब 25 दिनों तक आईसीयू में उपचार के बाद शनिवार सुबह युवती ने दम तोड़ दिया।
इस मामले में पुलिस पहले ही युवती के प्रेमी रविराज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं कथित झोलाछाप डॉक्टर सत्येंद्र पटेल और उसके सहयोगी राहुल पटेल अभी फरार हैं। सहायक पुलिस उपायुक्त अरुण कुमार पाराशर ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
