LPG Price Increased : गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से बिगड़ा रसोई का बजट, गृहणियों ने जताई नाराजगी
कानपुर, अमृत विचार। घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोत्तरी पर आम जनता विशेषकर गृहणियों ने काफी नाराजगी जताई है क्योंकि घरेलू बजट पर बुरा असर पड़ रहा है। कई महिलाओं का कहना है कि ये बढ़ोत्तरी उनके लिए काफी परेशानी का सबब है। इतनी महंगाई है कि घर चलाना पहले ही मुश्किल हो रहा था और रसोई गैस का दाम बढ़ने से बजट और बिगड़ गया है।
क्या बोली महिलाएं
महिला दिवस पर सरकार ने महिलाओं को अच्छा तोहफा दिया है। इस मंहगाई के दौर पर घर चलाना मुश्किल हो रहा है। आम आदमी के लिए इसे वहना मुश्किल है। क्या महिलाओं को गैस की आस छोड़ लकड़ी के चूल्हे पर आना होगा... शिल्पी सिंह।
महिलाएं गैस सिलेंडर के दाम कम करने की मांग कर रही थी और सरकार ने कम करने के बजाए दाम बढ़ा दिये। जंग का इतनी जल्दी असर देश पर थोड़ी पड़ेगा। ये जनता के साथ छल है। महंगाई से कमर टूटी जा रही है...मंजू।
एक तो सब्जी से लेकर राशन तक दिन प्रतिदिन महंगा होता रहा है, अभी तो सरकार के पास स्टाक में तेल, गैस होना चाहिए क्योंकि अमेरिका ईरान जंग एक सप्ताह पहले शुरु हुई है, ऐसे में रसोई गैस के दाम बढ़ाने की बात समझ में नहीं आई। आखिर इतनी जल्दी क्या थी... प्रतिभा अटल पाल।
सरकार को एक बार फिर गैस सिलेंडर के दामों पर विचार करना चाहिए। सुना है कि अब 21 दिन के बाद ही दूसरे सिलेंडर की बुकिंग होगी, हमारे घर में महीने में 2 सिलेंडर लगते हैं। गरीबों का क्या होगा, बड़ी मुश्किल से घर चलता है... अकीला।
