UP: स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों पर बनेगा प्रस्ताव, अपर मुख्य सचिव ने महानिदेशक को दिया निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष से गुरुवार को कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने मुलाकात की है। इस दौरान इप्सेफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीपी मिश्र भी उपस्थित रहे। बताया जा रहा है बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं। 

दरअसल, एनेक्सी भवन स्थित सभागार में अपर मुख्य सचिव चिकित्सा के साथ हुई बैठक में स्वास्थ्य कर्मचारियों के 6 संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुये थे। जिसमें कर्मचारियों के विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री अतुल मिश्रा ने बताया कि अपर मुख्य सचिव के साथ करीब दो घंटे वार्ता हुई है।

जिसमें कर्मचारियों के कैडर पुनर्गठन,वेतन विसंगति,रिक्त पदों पर नियुक्ति व पदोन्नती, पदनाम परिवर्तन, संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों को नर्सेज/एएनएम की भांति नियमित नियुक्तियों में प्राथमिकता की बात प्रमुख रही है।

इसके अलावा जिला अस्पतालों को उच्चीकृत कर मेडिकल कालेज बनाने के कारण कई पद समाप्त हो गये हैं, जिससे कर्मचारियों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में हमारी मांग है कि जिला चिकित्सालयों के कर्मचारियों को पद सहित अस्पतालों में समायोजित किया जाये। इस तरह के कर्मचारियों की संख्या 4 हजार के करीब है। 

उन्होंने कहा कि आज हुर्ह मैराथन बैठक सार्थक रही है। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष ने कहा कि वे हर 15 दिन पर संगठनों के साथ बैठक करके निर्णय करेंगे। कर्मचारी जब तक पूरी तौर से संतुष्ट नहीं होंगे, अस्पताल सही से नहीं चल सकते है। उन्होंने अगली बैठक शीघ्र करने के लिए निर्देशित किया, जिसमें पदाधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने महानिदेशक को आदेश दिया कि वे प्रतिदिन कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक करके अपना प्रस्ताव शासन को भेजे। वह सार्थक निर्णय करायेंगे। इस दौरान बैठक में महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार अरूण और पैरामेडिकल निदेशक डॉ. संजू अग्रवाल उपस्थित रहे। 

इसके अलावा बैठक में सुरेश कुमार रावत अध्यक्ष, अतुल मिश्रा महामंत्री, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, संदीप बड़ोला अध्यक्ष, महामंत्री आरएसराणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश मिश्रा, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन, कमल श्रीवास्तव महामंत्री, एलटी एसोसिएशन, राम मनोहर कुशवाहा अध्यक्ष महामंत्री दिलीप कुमार, एक्स-रे टेक्नीशियन एसोसिएशन, अनिल कुमार महामंत्री प्रोवेन्शियल फिजियोथेरेपिस्ट एसोसिएशन, डीडी त्रिपाठी अध्यक्ष, राजीव तिवारी महामंत्री, डेन्टल हाइजेनिस्ट एसोसिएशन और शासन के विशेष सचिव धीरेन्द्र सचान, कौशल कुमार सिंह उपस्थित रहे। 

संबंधित समाचार