मैच नहीं पर दिल जरूर जीतें.... LSG सितारों की झलक पाने उमड़ी भीड़, सेल्फी लेने की लगी होड़
लखनऊ, अमृत विचार : शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम उस समय खास बन गया, जब एलएसजी के स्टार खिलाड़ी मंच पर पहुंचे। खिलाड़ियों के आते ही हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और माहौल उत्साह से भर गया।
टीम के कप्तान ऋषभ पंत, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श, युवा खिलाड़ी अर्जुन तेंदुलकर और मुकुल चौधरी को देखते ही मीडिया के कैमरे लगातार चमकने लगे। फैंस और मेहमानों में अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई। यह आयोजन जेके सीमेंट की देखरेख में हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने मंच पर अपनी तैयारियों, टीम संस्कृति और आगामी मुकाबलों को लेकर विचार साझा किए।
कप्तान ऋषभ पंत ने टीम के सामंजस्य और सकारात्मक माहौल पर जोर देते हुए बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने जेके सीमेंट के नेतृत्व और पार्टनर्स के साथ भी संवाद किया। इस अवसर पर कंपनी के बिजनेस हेड अनुज खंडेलवाल और ग्रुप प्रेसिडेंट (सेल्स एंड मार्केटिंग) पुष्प राज सिंह भी मौजूद रहे।
