टी20 विश्व कप 2026 : टीम इंडिया ने तीसरी खिताबी सफलता से रचे कई इतिहास, फाइनल में न्यूजीलैंड 96 रनों से पिटा
अहमदाबाद। संजू सैमसन (89), इशान किशन (54) और अभिषेक शर्मा (52) की विस्फोटक अर्धशतकीय पारियों के बाद जसप्रीत बुमराह (चार विकेट) और अक्षर पटेल ( तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को टी-20 विश्वकप के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया। भारत लगातार दूसरी बार टी-20 विश्वकप खिताब जीतने वाली टीम बन गई है।
256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड पर बड़े स्कोर का दबाव दिखाई देने लगा। तीसरे ओवर में अक्षर पटेल ने फिन ऐलन (नौ) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने रचिन रवींद्र (एक) का शिकार कर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया। पांचवें ओवर में अक्षर ने ग्लेन फिलिप्स (पांच) को बोल्ड कर दिया।
आठवें ओवर में हार्दिक पंड्या ने मार्क चैपमैन (तीन) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। इस दौरान एक छोर थामे विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे टिम साइफर्ट को वरूण चक्रवर्ती ने आउट कर मैच भारत के पक्ष में कर दिया। टिम साइफर्ट ने 26 गेंदों दो चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 52 रनों की पारी खेली।
बड़े टारगेट के दबाव में बिखरे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम के बल्लेबाज पारी के शुरुआत ही दबाव में दिखे। पहले विकेट के लिए टिम सीफर्ट और फिन एलन ने तेज गति से 31 रन जरूर जोड़े। लेकिन पहला विकेट गिरने के बाद कीवी टीम बिखर गई। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन टिम सीफर्ट ने बनाए। उन्होंने 26 गेंदों पर 2 चौके और पांच छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली।
कीवी टीम की तरफ से सात बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर में ही आउट हुए। सिर्फ 72 के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। डेरिल मिचेल ने इस मुकाबले में 11 बॉल में 17 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कप्तान मिचेल सैंटनर रहे, उन्होंने 35 बॉल में 43 रन की पारी खेली। टीम इंडिया की गेंदबाजी की बात करें तो वहां जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं अक्षर पटेल के खाते में तीन विकेट लिए।
