बाराबंकी : जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, विकास कार्यों में गुणवत्ता और तेजी लाने के दिए निर्देश
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शुक्रवार को विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सबसे पहले कंधईपुर स्थित गौ आश्रय स्थल पहुंचकर उन्होंने भूसा, हरा चारा व साइलेज की उपलब्धता देखी और व्यवस्थाएं निरंतर बनाए रखने को कहा। साथ ही गौवंशों को गुड़-चना खिलाकर संरक्षण का संदेश दिया।
सनौली में निर्माणाधीन बृहद गौ संरक्षण केंद्र का निरीक्षण कर 15 दिन में हैंडओवर व संचालन शुरू कराने, साथ ही वृक्षारोपण व अन्य सुविधाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। इसके बाद वह विकासखंड बनीकोडर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचे। जहां साफ-सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई गई। उन्होंने छात्राओं की कंप्यूटर दक्षता भी जांची और शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया।
डीएम ने नव निर्मित छात्रावास व एकेडमिक ब्लॉक में फिनिशिंग कार्य बेहतर करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट अनुराग सिंह और नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके बाद मंडी सफदरगंज में गेहूं खरीद की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रत्येक किसान की उपज खरीद सुनिश्चित करने और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसी माह कार्य पूरा करने के निर्देश
शहर स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम का निरीक्षण कर डीएम ने राजकीय निर्माण निगम को इस माह मैदान का कार्य हर हाल में पूरा कर जनता के लिए खोलने का निर्देश दिया। शेष कार्य भी गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूर्ण करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने भूसा दानदाताओं को किया सम्मानित
सिरौलीगौसपुर: गौशालाओं के लिए भूसा दान अभियान तेज है। राजस्व कर्मी गांव-गांव जाकर किसानों को प्रेरित कर रहे हैं, जिससे प्रशासन और समाजसेवियों के सहयोग से गौशालाओं में भूसे का पर्याप्त स्टॉक किया जा रहा है। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज व तहसीलदार बालेंद्र भूषण वर्मा ने औलिया लालपुर गौशाला में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसा पहुंचाकर अभियान को गति दी।
एसडीएम ने बताया कि गौशालाओं में भूसा, पानी व चारे की व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है और लेखपालों को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। ‘गो सेवा-पुण्य संचय’ अभियान के तहत 50-50 क्विंटल भूसा दान करने वाले समाजसेवी पुष्पेन्द्र शुक्ला (अंशू), नीलेन्द्र बख्श दास और सीतादेवी पीजी कॉलेज को डीएम ईशान प्रताप सिंह द्वारा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रशंसा पत्र पर मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विनोद कुमार के भी हस्ताक्षर हैं। प्रशासन ने अपील की है कि गर्मी में गौवंशों के लिए चारे की कमी न हो, इसके लिए आमजन ‘गो सेवा-पुण्य संचय’ अभियान से जुड़कर भूसा व हरा चारा दान करें।
